रिटायर्ड होने वाले शिक्षकों की जीपीएफ कटौती होगी बंद
बिजनौर। परिषदीय स्कूलों में तैनात ऐसे शिक्षक जो मार्च 2019 में सेवानिवृत्त होंगे उनकी जीपीएफ कटौती बंद की जाएगी। वित्त एवं लेखाधिकारी बेसिक शिक्षा ने जिले के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों से शिक्षकों की सूची उपलब्ध कराने को कहा है।
परिषदीय प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षक 31 मार्च को सेवानिवृत्त होते हैं। वित्त एवं लेखाधिकारी बेसिक शिक्षा मोहम्मद हामिद खान ने 31 मार्च 2019 को रिटायर्ड होने वाले शिक्षकों की पत्रावली अभी से तैयार करने को कहा है। उन्होंने जिले के ऐसे शिक्षक जो वर्ष 2019 में रिटायर्ड होंगे उनकी सूची जिले के सभी बीईओ से वित्त एवं लेखाधिकारी बेसिक शिक्षा को उपलब्ध कराने को कहा है। उन्होंने बताया कि जो शिक्षक एवं कर्मचारी रिटायर्ड होने है उनकी जीपीएफ कटौती छह महीने पहले बंद करनी होती है। साथ ही एक एक प्रति अपर निदेशक कोषागार एवं पेंशन मंडल मुरादाबाद व वित्त नियंत्रक को भेजी जानी है। उन्होंने जिले के स्कूलों से रिटायर्ड होने वाले शिक्षकों व कर्मचारियों की सेवा पंजिका पूर्ण कर पेंशन पत्रावली तीन प्रतियों में तैयार कर एक प्रति अपने पास सुरक्षित रखने को कहा है तथा दो प्रतियां वित्त एवं लेखाधिकारी बेसिक शिक्षा कार्यालय को उपलब्ध कराने को कहा गया है। उन्होंने बताया कि सेवानिवृत्त होने वाले शिक्षकों के कार्य प्राथमिकता से निपटाए जाएं। ताकि पेंशन व जीपीएफ के भुगतान में किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।