सर्पदंश से बालक की मौत
नगीना। मोहल्ला विश्नोई सराय निवासी नरेंद्र कुमार का 10 वर्षीय पुत्र विशेष कुमार घर के कमरे में सोया हुआ था। बृहस्पतिवार सुबह लगभग चार बजे उसे सांप ने काट लिया। परिजन उसे इलाज के लिए प्राइवेट चिकित्सक के यहां ले गए, जहां हालत में सुधार न होने पर उसे कई जगह चिकित्सकों को दिखाया गया, इस दौरान उसकी मौत हो गई। बालक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।
लापता बालक दिल्ली में मिला
नगीना। गांव हुरनंगला निवासी नागेंद्र का 12 वर्षीय पुत्र लवी 22 जुलाई की शाम को लापता हो गया था। परिजन तभी से परेशान थे। बृहस्पतिवार सुबह किसी ने लवी के परिजनों को दिल्ली स्थित आनंद विहार बस स्टैंड पर उसके होने की सूचना दी। नागेंद्र पुलिस को लेकर दिल्ली पहुंचे और लवी को घर ले आए। लवी ने बताया कि वह पिटाई के डर से नगीना से ट्रेन में बैठ कर मुरादाबाद चला गया। बाद में घर वापस आने के लिए वह दूसरी ट्रेन में बैठा तो वह दिल्ली पहुंच गया।