ट्रक यूनियन ने किए वाहनों के चक्के जाम
अमर उजाला ब्यूरो
नजीबाबाद। ट्रक यूनियन ने डीजल के मूल्य में बढ़ोत्तरी सहित ट्रक स्वामियों के बढ़ते आर्थिक बोझ के विरोध में हड़ताल शुरू कर दी। ट्रक स्वामियों ने यूनियन कार्यालय के मुख्य गेट पर प्रदर्शन करते हुए परिवहन मंत्री के नाम ज्ञापन भेजा है।
दी नजीबाबाद पब्लिक कैरियर वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष रक्षपाल सिंह, सचिव मुशर्रफ अली के नेतृत्व में ट्रक स्वामियों ने यूनियन कार्यालय के मुख्यद्वार पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने डीजल, इंश्योरेंस, परमिट फीस में भारी वृद्धि के चलते पड़ने वाले आर्थिक बोझ के प्रति सरकार की उदासीनता पर रोष व्यक्त किया। अध्यक्ष रक्षपाल सिंह ने कहा कि परमिट 25 प्रतिशत बढ़ोत्तरी, इंश्योरेंस पर दोगुना से अधिक वृद्धि होने से ट्रक मालिक आर्थिक संकटों के दौर से गुजर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाड़े में बढ़ोतरी न होने से ट्रांसपोर्ट कारोबार भारी घाटे की स्थिति में चल रहा है। ट्रक यूनियन ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कई क्षेत्रों में ट्रक मालिकों ने आर्थिक संकटों के चलते ट्रकों का ढुलान ठप कर दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जब तक सरकार आर्थिक बोझ की बढ़ोत्तरी वापस नहीं लेती तब तक ट्रकों का चक्का जाम रहेगा। इस दौरान हरेंद्र सिंह, शहजाद, मुनव्वर, रईस अहमद, बिट्टू, जगदीश, अनिल, रॉबिन आदि मौजूद रहे।
पुलिस ने दिलाए कागजात
नजीबाबाद। ट्रक स्वामियों के प्रदर्शन में उस समय पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा जब हड़ताली ट्रक यूनियन सदस्यों ने बाहर से आने-जाने वाले ट्रकों के चालकों से हड़ताल होने की बात कहते हुए उनसे कागजात छीन लिए। नूरपुर निवासी ट्रक चालक शमशाद अली ने यूपी डायल 100 पुलिस को सूचना दी कि उनकी गाड़ी के कागजात ट्रक स्वामियों ने छीन लिए हैं। पुलिस ने कार्यालय पहुंचकर शमशाद को उसके वाहन के कागजात दिलाए और मामला शांत कराया।