अमरोहा। मोहल्ला चौक में रास्ते पर पशुओं को बांधकर महीनों से अवैध कब्जा किया हुआ था। रास्ते को कब्जा मुक्त कराने की मांग लोग लंबे समय से नगर पालिका के अधिकारियों से करते आ रहे थे। सरकारी रास्ते से कब्जा हटाने को लेकर पालिका ने कई लोगों को नोटिस भी भेजा था। इसके बावजूद मोहल्ले में रहने वाले दबंग किस्म के कुछ लोग रास्ते रास्ते से कब्जा हटाने को तैयार नहीं थे। जिससे आने जाने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
मंगलवार को एसडीएम व नगर पालिका परिषद के प्रभारी अधिशासी अधिकारी सुखवीर सिंह के नेतृत्व में पालिका की टीम ने मय पुलिस बल मोहल्ला चौक में जाकर रास्ते को कब्जा मुक्त कराया। कार्रवाई के दौरान लोगों में हड़कंप मच गया। एसडीएम की मौजूदगी में जेसीबी से अवैध कब्जा हटवाया गया। इस दौरान रास्ते के दोनों ओर पशुओं को बांधने के लिए बनाई गई पशुशालाओं को जेसीबी से ढहा दिया गया। दोबारा अवैध कब्जे का प्रयास करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई। अवैध कब्जा हटवाने की कार्रवाई के दौरान कर अधीक्षक मोहम्मद सुहैल, जेई निर्माण पंकज रस्तोगी, रविंद्र चौहान, शैलेंद्र शर्मा, अंजार अहमद, कमल शेखर, असद जमाल, मोहम्मद यूनुस, अनिल कुमार, सफाई निरीक्षक मोहम्मद इल्तजा आदि मौजूद रहे।