15 जुलाई तक प्रवेश ले सकेंगे छात्र
बिजनौर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में दाखिले 15 जुलाई तक होंगे। इसके बाद कोई दाखिला नहीं होगा। माना जा रहा है कि इससे दाखिलों में फर्जीवाड़ा रोकने में मदद मिलेगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार के अनुसार स्कूलों का नया शिक्षण सत्र एक अप्रैल से शुरू हो गया है। कक्षा छह से कक्षा 12 तक दाखिले के लिए आखिरी तारीख 15 मई थी। ग्रीष्म अवकाश के बाद स्कूल दो जुलाई को खुलेंगे। शासन ने विभिन्न कक्षाओं में दाखिला लेने की तारीख बढ़ाकर 15 जुलाई कर दी है। स्कूलों में पढ़ाई का शैक्षिक कलेंडर भेज दिया गया है। उसके अनुसार ही पढ़ाई होगी। शासन की मंशा स्कूलों में पढ़ाई का माहौल बनाना है। ढील मिलने पर प्रधानाचार्य जिम्मेदार होंगे।
जिला विद्यालय निरीक्षक के अनुसार अमान्य स्कूलों को चिह्नित करने का काम अंतिम चरण में है। शासन को अमान्य स्कूलों द्वारा सांठगांठ करके छात्रों के नाम मान्यता प्राप्त स्कूलों में लिखवाने की शिकायत मिल रही थी। दाखिले की आखिरी तारीख घोषित होने से फर्जीवाड़ा रुकेगा। अमान्य स्कूलों के खिलाफ दो जुलाई के बाद डीआईओएस और एसडीएम छापामारी शुरू करेंगे। सूत्रों के अनुसार स्कूलों से 31 जुलाई को कक्षा और विभागवार छात्रों की सूची डीआईओएस दफ्तर में तलब की गई है।