बिजनौर। जिले में किसी भी सूरत में अब चाइनीज मांझा नही बिकेगा। प्रशासन ने इस मांझे की बिक्री पर पूरी तरह रोक लगा दी है। जो मांझा बेचता पाया गया उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
जिले में चाइनीज मांझे से खूब पतंग उड़ाई जाती है। यह मांझा काफी खतरनाक होता है। कई बार पतंग उड़ाने वालों की गर्दन में मांझा फंस कर उनकी जान जोखिम में डाल चुका है। गर्दन के अलावा इस मांझे से शरीर का अन्य हिस्से का भी कटना आम बात है। यह मांझा टूटता नहीं है। जीव जंतु भी इसमें उलझ कर अपनी जान गंवा चुके है। जिले में पतंग बेचने वालों की दुकानों पर खुलेआम इस मांझे की बिक्री हो रही है। प्रशासन ने चाइनीज मांझे की बिक्री को रोकने की तैयारी शुरू कर दी है। डीएम अटल कुमार रॉय के मुताबिक जिले में चाइनीज मांझा नहीं बिकने दिया जाएगा । जो इस मांझे को बेचेगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। इस मांझे से बड़ी घटना होने का खतरा रहता है। यह मांझा कई बार जानलेवा भी साबित हो रहा हैं। इसलिए इस पर प्रतिबंध लगाना जरूरी हो गया हैं।