चकबंदी विभाग ने आंबेडकर पार्क की जमीन बदली
नजीबाबाद। जसवंतपुर लुकादढ़ी निवासी दलित समाज के लोगों ने एसडीएम को ज्ञापन देकर आंबेडकर पार्क की जमीन को कब्जा मुक्त कराने की मांग की है। आरोप है कि चकबंदी विभाग से हमसाज होकर एक व्यक्ति अवैध रूप से आंबेडकर पार्क की जमीन कब्जा रहा है।
तहसील के गांव जसवंतपुर लुकादढ़ी के ग्रामीणों टीकम सिंह, सुरेंद्र, ऋषिपाल, अनिल कुमार, लच्छीराम, प्रमोद, राजपाल सहित बड़ी संख्या में दलित समाज के लोग तहसील पहुंचे। ग्रामीणों ने एसडीएम डॉ. पंकज कुमार वर्मा को एक ज्ञापन सौंपा। जिसमें चकबंदी विभाग द्वारा खसरा संख्या 229 की आंबेडकर पार्क की छोड़ी गई जमीन को मुकेश की खेती की जमीन के रूप में देने का आरोप लगाया। ग्रामीणों का आरोप है कि मुकेश की जमीन तीन किलोमीटर दूर स्थित है वहां आंबेडकर पार्क के लिए जमीन छोड़ी जा रही है।
दलित समाज का आरोप है कि वर्षों से आंबेडकर पार्क की जमीन पर बच्चे खेलते आ रहे हैं। उन्होंने एसडीएम से तत्काल आंबेडकर पार्क की जमीन को चकबंदी विभाग द्वारा बदले जाने के मामले की जांच कराने तथा पूर्व में छोड़ी गई आंबेडकर पार्क की जमीन पर अवैध कब्जा किए जाने की कार्रवाई को रुकवाने की मांग की है।