पिता-पुत्र रामगंगा नहर में डूबे
शिवाला कलां। गांव नजरपुर मढैया में एक व्यक्ति और उसका चार वर्षीय पुत्र रामगंगा नहर में डूब गए। काफी तलाश करने के बाद भी दोनों का कुछ पता नहीं लगा है। परिजन नहर में जाल डालकर दोनों की तलाश में जुटे हुए हैं।
गांव नजरपुर मढैया निवासी शौकीन (50) सोमवार शाम अपने चार वर्षीय पुत्र अफसान के साथ पशुओं को पानी पिलाने के लिए गांव के पास से गुजर रही रामगंगा नहर पर ले गया था। इस दौरान पैर फिसलने से अफसान नहर में जा गिरा। बेटे को डूबता देखकर शौकीन भी उसे बचाने के लिए नहर में कूद गया, लेकिन वह भी पानी की तेज धार में बह गया। मौके पर मौजूद अन्य ग्रामीणों के शोर मचाने पर दौड़े ग्रामीणों ने दोनों की नहर में काफी तलाश की, लेकिन उनका पता नहीं लगा। मंगलवार को एक बार फिर से नहर में जाल डालकर तलाश की गई, लेकिन दोनों का पता नहीं लगा था। पिता-पुत्र के नहर में डूबने से उनके परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।