नजीबाबाद (बिजनौर)। महाशिवरात्रि पर शिवभक्तों का आवागमन शुरू हो गया है। स्वयंभू मोटा महादेव सिद्धपीठ मंदिर पर जलाभिषेक के लिए शिव भक्त कांवड़ियों का आवागमन शुरू हो गया है।
ओम नम: शिवाय... उद्घोष के साथ शिवभक्तों का क्षेत्र से आवागमन मंगलवार को शुरू हो गया। हरिद्वार मार्ग पर नगर से करीब पांच किलोमीटर दूर स्वयंभू मोटा महादेव सिद्घपीठ मंदिर पर हरिद्वार से चलकर कांवड़िए पहला जलाभिषेक करते हैं। सोमवार की देर रात से मोटामहादेव मंदिर पर कांवड़ियों का आना शुरू हो गया। खटीमा उत्तराखंड के शिवभक्तों का एक जत्था मंगलवार को हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर भगवान शिव के जयकारों के साथ भागूवाला क्षेत्र पहुंचा। कांवड़िया जत्थे का नेतृत्व रंजीत मंडल, विपुल, सूरज सरकार, रमेश ने किया। उधर, नगर आरती सेवा समिति की ओर से अग्रवाल धर्मशाला में बुधवार को आज कांवड़िया सेवा शिविर शुरू हो रहा है। शिव शक्ति धाम सीकेआई चौराहा, टीला मंदिर, डबल फाटक बिहारी तिराहा, मोटामहादेव मंदिर सहित नगर के विभिन्न क्षेत्रों में कांवड़िया सेवा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।