बिजनौर। बीमारी के कारण नवंबर में दस दिन छुट्टी पर रहे बाल रोग विशेषज्ञ डा.केके सिंह का प्रभारी सीएमएस ने पूरे माह का वेतन रोक दिया है।
जिला अस्पताल में तैनात बाल रोग विशेषज्ञ डा.केके सिंह 21 नवंबर से डेंगू से पीड़ित थे। उन्होंने करीब एक सप्ताह जिला अस्पताल के फिजिशियन से ही अपना इलाज कराया। सही होने के बाद फिजिशियन ने उनको एक सप्ताह आराम करने को कहा। इसके बाद डा.केके सिंह अपने घर चले गए। डा.केके सिंह के अनुसार वह 21 नवंबर से पांच दिसंबर तक मेडिकल अवकाश पर रहे, लेकिन उनको एडी कार्यालय से मेडिकल अवकाश की अनुमति नहीं मिल पाई। इसके कारण प्रभारी सीएमएस डा.ज्ञान चंद ने उनको नवंबर को वेतन रोकने के निर्देश दे दिए। उन्होंने कहा कि वह नवंबर माह में मात्र दस दिन अवकाश पर रहे हैं लेकिन उनका पूरे माह का वेतन रोक दिया गया। इसके कारण वह अपने बच्चों की फीस भी नही दे पा रहे और आर्थिक परेशानी से जूझ रहे है।
प्रभारी सीएमएस डा.ज्ञानचंद ने बताया कि उनका एक माह को वेतन इसलिए रोका गया है क्योंकि पूरे माह का वेतन निकालने में आसानी होती है और टुकड़ों में वेतन निकलाने में परेशानी होती है।