रैली निकालकर यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया
चांदपुर (बिजनौर)। हिंदू इंटर कॉलेज की रासेयो के सात दिवसीय शिविर के पांचवें दिन को सड़क सुरक्षा एंव यातायात जागरूकता दिवस के रूप में मनाया गया। स्वयंसेवियों ने गांव में रैली निकालकर गांववासियों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया।
मंगलवार को गांव काजीशोरा में चल रहे रासेयो शिविर के पांचवें दिन यातायात रैली को मुख्य अतिथि प्रधानाचार्य विनेश कुमार त्यागी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली गांव काजीशोरा के मुख्य मार्गों से होकर शिविर स्थल पर संपन्न हुई। रैली में स्वयंसेवक हाथों में नारे लिखी तख्ती लिए हुए थे जिस पर सवारी अपनी चलाए-दहेज की नहीं, हेलमेट पहनो बचाओ जान, धीरे चले सुरक्षित चले, बच्चों को गाड़ी नहीं संस्कार दीजिए आदि नारे लिखे थे। गोष्ठी में मुख्य अतिथि विनेश कुमार त्यागी ने कहा कि सड़क पर वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग नहीं करना चाहिए। पकंज कुमार ने कहा कि सड़कों पर चलने वाले सभी लोगों को रोड पर बने निशान और नियमों की जानकारी अवश्य होनी चाहिए। गोष्ठी में दीपक कुमार गर्ग, पुनीत कुमार, विनय शर्मा आदि ने विचार व्यक्त किए। इसमें मदनपाल सिंह, भूमिका मित्तल, संतोष कुमार, नितिन कुमार, नकुल, सौरभ, अशीष, प्रकाश, रवेंद्र, रजनीश आदि का सहयोग रहा।