अस्पताल में मुफ्त में लगेगा गर्भ निरोधक इंजेक्शन
सूबे के 32 जिलों के अस्पतालों में इंजेक्शन की खेप भेजेगी सरकार, अमरोहा भी शामिल
अमर उजाला ब्यूरो
अमरोहा।
बच्चों में अंतर रखने के लिए कॉपर-टी लगाना या कंडोम का प्रयोग करना, अब गुजरे जमाने की बात होगी। एक इंजेक्शन से इन सभी से मुक्ति मिलेगी। सरकार ने प्रत्येक अस्पताल में गर्भ निरोधक इंजेक्शन भेजने का निर्णय लिया है। शुरूआती दौर में उसने सूबे के 32 जिले चुने हैं जिसमें अमरोहा का नाम भी शामिल है। यह इंजेक्शन महिलाओं के लिए पूरी तरह मुफ्त रहेगा। उसका कैसे इस्तेमाल होगा, इससे संबंधित प्रशिक्षण सरकार फार्मासिस्टों को देगी। 12 अक्टूबर को लखनऊ में एक दिवसीय प्रशिक्षण होगा जिसमें सीएमएसडी स्टोर इंचार्ज शिरकत करेंगे।
जनसंख्या वृद्धि की रोकथाम को सरकार तरह-तरह के जतन कर रही है। परिवार कल्याण कार्यक्रम चला रही है जिसके तहत महिलाओं व पुरुषों की नसबंदी की जाती है। कॉपर टी लगाने का कार्य होता है। निशुल्क में कंडोम भी वितरित किए जाते हैं, लेकिन अब इन सबसे छुट्टी मिलेगी। सरकार द्वारा चलाए जा रहे मिशन परिवार विकास कार्यक्रम के तहत गर्भ निरोधक इंजेक्शन सरकारी अस्पतालों में पहुंचाया जाएगा। इसके प्रयोग से महिलाएं बच्चों में अंतर रख सकेंगी और परिवार कल्याण अपना सकेंगी। यहां बता दें कि सरकार ने गर्भ निरोधक इंजेक्शनों की खेप शुरूआत में 32 जिलों में भेजने को प्लानिंग की है। इनमें अमरोहा का नाम शामिल है। अधिकारियों की मानें तो इंजेक्शन कैसे लगेगा, कैसे उसका प्रयोग होगा, इससे संबंधित जानकारी फार्मासिस्टों को एक दिवसीय प्रशिक्षण में दिया जाएगा। 12 अक्टूबर को लखनऊ में प्रशिक्षण होगा जिसमें जिले के सीएमएसडी स्टोर इंचार्ज एचआई अंसारी शामिल होंगे। वह जनपद स्तर पर कार्यशाला आयोजित कर एएनएम व स्टाफ नर्स को इंजेक्शन लगाने का तरीका समझाएंगे। यह इंजेक्शन सरकारी अस्पताल में महिलाओं को निशुल्क लगाया जाएगा।
बयान...
सरकार द्वारा अस्पतालों में गर्भ निरोधक इंजेक्शन भेजने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए चीफ फार्मासिस्टों को प्रशिक्षित किया जाएगा। जिले के स्टोर इंचार्ज प्रशिक्षण लेने लखनऊ जाएंगे।
डा.दिनेेश खत्री, नोडल अधिकारी स्वास्थ्य विभाग