टूटेंगे आठ लेन में बाधा बने मकान और दुकानें
हाईवे किनारे के दुकानदारों व मकान स्वामियों को नोटिस भेजेगा एनएचएआई
एनएचएआई अफसरों से संतोषजनक जवाब न मिलने पर कैबिनेट मंत्री से मिले
अमर उजाला ब्यूरो
अमरोहा।
हाईवे किनारे की दुकान व मकान तोड़ने से पहले राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण भवन स्वामियों को नोटिस देगा। इसके लिए उसके द्वारा प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। नोटिस में दी गई समयावधि के भीतर यदि उन्होंने कार्रवाई नहीं की तो नेशनल हाईवे अथॉरिटी के अफसर भवन तोड़ने का कार्य शुरू करेंगे। इधर मंगलवार को जोया के कुछ लोगों ने कैबिनेट मंत्री चेतन चौहान से मुलाकात की और समस्या बताई। इस पर कैबिनेट मंत्री ने उनको मसले में पूरे सहयोग का भरोसा दिलाया है।
एनएचएआई ने एनएच-24 को फोरलेन से आठलेन बनाने की तैयारी छेड़ दी है जिसके कर्मचारियों द्वारा जमीन की नापजोख का काम चालू कर दिया गया है। इसका पता चलते ही जोया के लोगों की टेंशन बढ़ गई है। सबसे ज्यादा बेचैन वे लोग हैं जिनके प्रतिष्ठान व मकान हाईवे किनारे हैं और आठलेन के दायरे में आ रहे हैं। उनके टूटने की संभावनाएं अधिक हैं। तेजी के साथ एनएचएआई के अफसर जमीन को अधिग्रहण करने की कार्रवाई में जुट गए हैं, वहीं दुकानदार व मकान स्वामी इसका विरोध करने लगे हैं।
ऐसा होना भी लाजमी है क्योंकि आठलेन के रास्ते में सैकड़ों दुकानें नेस्तनाबूद हो जाएंगी और लोगों के रोजगार के ठीये छिन जाएंगे। एनएचएआई अफसरों द्वारा कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिलने से जोयावासी बेहद परेशान हैं। इसलिए मंगलवार को सुभाष गुप्ता, मोबीन व चौधरी विजयवीर सिंह आदि ने कैबिनेट मंत्री को पूरा वाक्या बताते हुए कार्रवाई को गुहार लगाई। कैबिनेट मंत्री ने उनकी बात को समझा और पूरी मदद का आश्वासन लोगों को दिया। अफसरों से बातचीत की और दिशा निर्देश दिए।
बयान.....
छहलेन का हाईवे बनेगा। इसके लिए आठलेन की जमीन अधिग्रहीत की जाएगी। जिनसे जमीन ली जाएगी उनको नोटिस भी दिए जाएंगे। इसके बाद ही अगला कदम उठाया जाएगा।
योगेश कुमार, चीफ इंजीनियर एनएचएआई