नूरपुर। नाला निर्माण में अवरोध बनी दुकानों को तोड़ने के लिए पीडब्लूडी अधिकारी बुधवार को जेसीबी लेकर पहुंच गए। इस दौरान एक दुकान के आगे लगे पिलर को गिरा दिया गया। बाद में दुकानदारों ने सामान समेटने के लिए समय मांगने पर अधिकारी वापस चले गए।
बिजनौर-मुरादाबाद मार्ग के चौड़ीकरण के लिए सड़क के दोनों ओर नाले का निर्माण किया जाना है। इसके लिए दोनों ओर बीच सड़क से 40 फीट की दूरी का निर्धारण किया गया है। नाला निर्माण की परिधि में आने वाले अधिकांश दुकानदारों ने स्वयं ही अपनी दुकानें तोड़कर पीछे हटा ली हैं। जहां पर अतिक्रमण नहीं हुआ। वहां नाले का निर्माण कार्य भी पूरा हो गया । मुरादाबाद मार्ग पर कुछ जगह अवरोध बना हुआ है। पीडब्लूडी अधिकारियों की चेतावनी के बाद भी वहां से दुकानें नही हटाई गईं। बुधवार को अवर अभियंता यूडी पांडेय के निर्देश पर एक दुकान के छज्जे के नीचे लगे पिलरों को गिरा दिया गया। अतिक्रमण की जद में आ रही एक अन्य दुकान का लिंटर गिराने के लिए जेसीबी का पंजा लगाया तो उस दुकानदार ने स्वयं ही अपनी दुकान तोड़ने और सामान समेटने के लिए समय की मांग की। अधिकारियों ने उसे शीघ्र ही अतिक्रमण हटाने की चेतावनी देते हुए जेसीबी को हटा लिया।