14 तक किसानों के खातों में पहुंचेगी रकम
बिजनौर। किसानों का ऋण माफी कार्यक्रम निर्धारित हो गया है। कार्यक्रम तय होने से बैंक और कृषि विभाग के अधिकारी भी इस अभियान में तेजी के साथ लग गए हैं। 14 अगस्त तक किसानों के खातों में ऋण माफी का पैसा आ जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा की गई घोषणा के अनुसार जिले में एक लाख 70 हजार 200 किसानों का 722 करोड़ 47 लाख रुपये का ऋण माफ होना है। इसका नोडल अधिकारी जिला कृषि अधिकारी को बनाया गया है। शासनादेश के अनुसार बैंकों को 22 जुलाई तक किसानों की डिटेल शासन के पोर्टल पर फीड करनी है। 24 जुलाई से 26 जुलाई तक एनआईसी द्वारा आधार नंबर की चेकिंग होगी। 27 को यह सूची जिलों को मिल जाएगी। 27 जुलाई से 30 जुलाई तक किसानों की सूची बैंक, कलक्ट्रेट, विकास भवन, तहसील, ब्लाक कार्यालयों पर चस्पा की जाएगी। पांच अगस्त को किसानों की पहली सूची शासन को भेजकर बजट मांगा जाएगा। अपने खातों से आधार नंबर लिंक कराने वाले किसानों के खातों में 14 अगस्त तक माफ होने वाली राशि आ जाएगी। इसके बाद 15 अगस्त को जिलास्तर पर कैंप लगाकर किसानों को ऋण माफ होने के सर्टिफिकेट दिए जाएंगे। खास बात यह है कि सभी किसानों के ऋण एक ही बार में माफ नहीं होंगे। तीन या चार चरणों में इस प्रक्रिया के तहत ऋण माफ किया जाएगा। पहले चरण के बाद जिन किसानों का ऋण माफ होगा, उनको तहसील या ब्लाक स्तर पर होने वाले कार्यक्रमों में ऋण माफ होने का सर्टिफिकेट दिया जाएगा।
45 हजार ने ही आधार नंबर लिंक कराया
जिले के करीब एक लाख 70 हजार किसानों का ऋण माफ होना है। लेकिन अभी तक केवल 45 हजार किसानों ने ही अपने आधार नंबर बैंक खातों से लिंक कराए हैं। किसानों के आधार नंबर बनवाने के लिए तहसील, ब्लाक कार्यालयों में सुबह दस से चार बजे तक कैंप लगाए जा रहे हैं। जिला कृषि अधिकारी डॉ. अवधेश मिश्रा के अनुसार ऋण माफी की योजना पर तेजी से काम किया जा रहा है। किसान भी अपने आधार नंबर खातों से लिंक कराने में दिलचस्पी दिखाएं।