नांगलसोती/नजीबाबाद। सांसद नगीना (सुरक्षित) डॉ.यशवंत सिंह ने गोद लिए गांव तिसोतरा का दौरा तो किया, मगर वह भी औपचारिकता ।
सांसद डॉ.यशवंत सिंह ने नांगल क्षेत्र के गांव तिसोतरा का आदर्श ग्राम में चयन कर उसे गोद लिया था। बुधवार को सांसद गांव तिसोतरा पहुंचे। ग्रामीणों मोनू, अनिल, कुलदीप, भोले, अरविंद ने पहली बार गांव में आने पर सांसद से नाराजगी जताई। सांसद ने गांव की समस्याओं की बाबत ग्रामीणों से जानकारी की। ग्रामीणों संदीप, जय सिंह, शूरवीर, सुरेंद्र आदि ने बताया कि गांव का मुख्य मार्ग बदहाल है। गांव में विद्युत लाइन काफी जर्जर है। उधर, गांव में जलनिगम द्वारा जलापूर्ति के लिए बनाया गया टैंक व नलकूप विद्युत कनेक्शन के अभाव एवं भूमिगत पाइप लाइन के अधर में लटके होने से शोपीस बना है।
सांसद ने सरकारी योजनाओं की ग्रामीणों को जानकारी देते हुए जल्द ही जिलास्तर के अधिकारियों को गांव में भेजकर विकास कार्यों का स्टीमेट तैयार कराने और उनके लिए धन का आवंटन कराकर विकास कार्य कराने का आश्वासन दिया। गौसपुर के ग्रामीणों ग्राम प्रधान मुन्नू, अरविंद, वीरेंद्र, अवनीश, राजेंद्र आदि ने गंगा से हो रहे कटान से निजात दिलाने के लिए बचाव कार्य कराने की मांग की।
गौरव चिकारा के आवास पर ग्रामीणों से मुलाकात के बाद सांसद गांव मो.अलीपुर द्वारका में शोभित के आवास पर पहुंचे और यहां सूक्ष्म जलपान के बाद गंतव्य के लिए रवाना हो गए। क्षेत्रवासियों को आश्चर्य तो इस बात का था कि सांसद गांव में कहीं भी पैदल नहीं गए। ऐसे में उन्हें ग्रामीणों की समस्याओं और विकास की अपेक्षाओं का अंदाजा कैसे लग सकता था।