अनियंत्रित बाइक खाई में गिरी, मौत
हरेवली। शादी समारोह से शामिल होकर लौट रहे एक व्यक्ति की बाइक खाई में गिरने से मौत हो गई। हादसे से परिवार कोहराम मचा है। परिजनों के तलाशने के दस 10 घंटे बाद मौत होने का पता लगा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर बिना किसी कार्रवाई के परिजनों को सौंप दिया।
बढ़ापुर थाना क्षेत्र के गांव सहारावाला निवासी गजन सिंह ने बताया कि उसका पुत्र सुखविंदर (40) वर्ष सोमवार सुबह जसपुर एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। शाम को वह घर वापस लौट रहा था। रात आठ बजे तक भी उसकी लोकेशन नहीं मिली तो परिजन चिंतित हो गए। परिजन फोन रिसीव न करने पर रात में ही उसकी तलाश में लग गए। सुबह एक बाइक रामनगर गोसाईं व सहारावाला के बीच जीत सिंह के गहरे खेत में गिरी होने की सूचना मिली। परिजन आनन फानन में मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने परिजनों के पहुंचने से पहले ही शव को कब्जे में ले लिया। परिजनों के मुताबिक सुखविंदर विदेश (कुवैत) में नौकरी करता था। एक माह पहले ही छुट्टी बिताने आया था। 14 दिन बाद उसे विदेश जाना था। वह परिवार का इकलौता वारिस था। घटना से परिजनों में कोहराम मचा है। उधर, बढ़ापुर थाना क्षेत्र के दरोगा सुनील कुमार ने बताया कि घटना की सूचना पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया था। लेकिन परिजनों ने बिना किसी कार्यवाही के पंचनामा भरकर शव को सौंपने की इच्छा जाहिर की। बिना किसी कार्रवाई के शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।