स्वयं पारंगत होकर दूसरों को दें रोजगार
बिजनौर ।वर्धमान कॉलेज में राष्ट्रीय सेवायोजना के चौथे दिन कौशल विकास और बेटी बचाओ - बेटी पढ़ाओ दिवस के रूप में मनाया गया।
गांव गोकलपुर कासम में आयोजित कैंप में प्रशिक्षण एवं सेवायोजन कर्मचारी महासंघ उत्तर प्रदेश के प्रांतीय उपाध्यक्ष राकेश शर्मा, डा.विशाल शर्मा , डा.राजीव अग्रवाल व डा. चारुदत्त आर्य ने कैंप का शुभारंभ किया। राकेश शर्मा ने कहा कि भारत सरकार ने विद्यार्थियों के लिए शिक्षा के साथ साथ रोजगार परक बनाने के लिए कौशल विकास योजना शुरू की है। इसमें युवा अपने हुनर में पारंगत होकर रोजगार कर सकते हैं। कौशल विकास का प्रशिक्षण नि:शुल्क है।
डा.चारूदत्त आर्य ने कहा कि युवा स्वयं पारंगत होकर दूसरों को भी रोजगार दे सकते हैं। डा.विशाल शर्मा ने रोजगार की संभावनाओं के बारे में बताया। डा.राजीव अग्रवाल ने कहा कि प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार के लिए गांवों से पलायन नहीं करना होगा। स्वयं सेवकों रोहित, विशाल, सोहित कुमार, मोहम्मद कलीम, फैजान, लक्की, शगूफा ने गांव वालों को कौशल विकास योजना के बारे में बताया। प्रथम व द्वितीय इकाई के गांव आदमपुर में आयोजित शिविर में कार्यक्रम अधिकारी डा.अंजू बंसल ने कहा कि बेटियां समाज की धरोहर हैं, इनकी रक्षा करनी चाहिए। इस मौके पर हुई भाषण प्रतियोगिता में साल्वि प्रथम, तनु सागर द्वितीय व अंजलि तृतीय रही। प्रिया शर्मा, भुवन गोयल, योगिता, निकिता, प्रिंसी मारवाड़ी आदि मौजूद रहीं। संचालन मोहम्मद अरबाज ने किया।