नगीना। किसान मगनपाल सिंह की जमीन कब्जा मुक्त कराने की मांग को लेकर भाकियू का धरना दसवें दिन भी जारी रहा। किसान मदन पाल सिंह की ठंड लगने के कारण तबीयत खराब हो गई। चिकित्सा प्रभारी ने धरना स्थल पर पहुंचकर उनका उपचार किया।
तहसील अध्यक्ष चौधरी वीर सिंह डबास ने बताया कि किसान मदन पाल सिंह की तबीयत देर रात ठंड लगने से बिगड़ गई। उन्हें पेट में दर्द की शिकायत होने पर तहसीलदार देवेंद्र पांडे और सीएचसी प्रभारी नवीन कुमार को दी गई।
डा. नवीन कुमार ने धरने पर बैठे किसान मदन पाल सिंह का चेकअप कर उन्हें दवाइयां दी। एसडीएम गजेंद्र सिंह ने बताया कि किसान की तबीयत खराब होने पर तत्काल ही उन्हें चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई। अब उनकी तबियत में सुधार है।
उन्होंने बताया कि वे 14 दिसंबर को वन विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान कराएंगे। अध्यक्ष वीर सिंह डबास, डा. योगेंद्र सिंह, आरिफ खान, यादराम सिंह, बाबूराम, रविंद्र, परविंदर, नौबहार, अशोक, ऋषिराम, बलराम सिंह, हरि सिंह, सुनील कुमार, रोहित, हरपाल आदि शामिल रहे।