शिक्षकों ने बीएसए कार्यालय पर दिया धरना
बिजनौर। उप्र प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय संगठन के आह्वान पर शिक्षकों की विभिन्न मांगों को लेकर बीएसए कार्यालय पर धरना दिया। बाद में शिक्षकों ने कलक्ट्रेट पहुंच कर प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम एक मांग पत्र एसडीएम को सौंपा।
बुधवार को उप्र प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष नागेश कुमार व मंत्री प्रशांत सिंह के नेतृत्व में शिक्षक बीएसए कार्यालय पर एकत्र हुए और धरना देकर बैठ गए। वक्ताओं ने शिक्षकों की मांगों को अविलंब पूरा करने पर जोर दिया। शिक्षकों के लंबित एरियर भुगतान कराने की मांग की। बाद में शिक्षकों ने कलक्ट्रेट पहुंच कर मुख्यमंत्री के नाम 13 सूत्री मांग पत्र एसडीएम को सौंपा। पत्र में प्रधानाध्यापकों के पदों को बहाल करने, शिक्षकों की तैनाती की नियमावली का सही उपयोग कराने, अंतर जनपदीय तबादले पर आए शिक्षकों के एरियर व वेतन का आहरण कराने, नवनियुक्त शिक्षकों के वेतन का भुगतान कराने, रिक्त पडे़ पदों पर शिक्षकों को प्रमोशन का लाभ दिलाने, नि:शुल्क स्वेटर वितरण, यूनिफॉर्म की धनराशि का भुगतान कराने, ब्लॉक व जनपद स्तर पर होने वाली क्रीड़ा प्रतियोगिता के लिए धनराशि उपलब्ध कराने, मृतक शिक्षकों के आश्रितों की नियुक्ति शिक्षक पदों पर करने, शिक्षकों का सामूहिक बीमा एक लाख से बढ़ा कर 10 लाख रुपये करने, दंपती के शिक्षक होने पर दोनों को मकान भत्ते का लाभ दिलाने की मांग की गई है। पत्र में कहा गया है कि मांग पूरी नहीं होने पर 20 दिसंबर को शिक्षा निदेशक के प्रयागराज स्थित कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा। इस मौके पर सरदार हरवंत सिंह, राजेंद्र सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष अरविंद चौधरी, धर्मेंद्र सिंह, देवेंद्र सिंह, यशवीर सिंह, जितेंद्र कुमार, असीम चौहान, गौरव चौहान, लोकेंद्र त्यागी, संजय शर्मा, नीरज शर्मा, तापस, आदेश पाल, स्वाति राठी, कोमल रानी, प्रवेश कुमारी, सुमन देवी, नरेश कुमार, नितिन चौहान आदि मौजूद रहे।