अमरोहा। ब्लाक के गांव डाईडेरा में गन्ना सेंटर पर दो दिन से तौल बंद होने को लेकर किसानों ने गन्ना अधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन किया। गांव में तौल कराने को लेकर किसान मौके पर डटे हैं। लेकिन किसानों के आक्रोश के बावजूद गन्ना अधिकारियों ने मौके पर जाकर तौल चालू नहीं कराई है।
डाईडेरा गांव के गन्ना सेंटर पर धनौरी अहीर, चक, डाईडेरा, धनौरा, अजफजलपुर, नगलिया, चिपका और खैराजपुरा समेत करीब आठ गांवों के किसान तौल कराने आते हैं। शुक्रवार की दोपहर को 200 से ज्यादा किसान सेंटर पर ट्रैक्टर-ट्रालियों में गन्ना लादकर तौल कराने गए थे।
सेंटर पर तौल बंद होने के कारण पहले से ही ट्रैक्टर-ट्राली की लाइनें लगी हुई थीं। तौल बंद होने के कारण किसान गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्राली छोड़कर घरों को चले गए। शनिवार की सुबह आकर देखा तो करीब डेढ़ सौ से ज्यादा ट्रैक्टर-ट्राली के टायरों में पंचर किया हुए थे।
इससे आक्रोशित किसानों ने डाईडेरा के ग्रामीणों पर पंचर करने का आरोप लगाते हुए डायल-100 को फोन कर दिया। लेकिन घंटों बाद भी पुलिस नहीं पहुंची। इस दौरान ग्रामीणों से हुई कहासुनी के बाद गन्ने की तौल कर रहा कर्मचारी उठकर चला गया।
इधर, दो दिन तक तौल न होने से परेशान किसानों ने गन्ना अधिकारियों को फोन से सूचना दी। लेकिन देरशाम तक कोई भी कर्मचारी गन्ना सेंटर पर नहीं पहुंचा। नाराज किसानों ने गन्ना अधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन किया।
किसानों ने कहा कि सेंटर पर तौल कराने की मांग को लेकर गन्ना अधिकारियों से लेकर डीएम तक से शिकायत कर चुके हैं। लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है। रियाजुद्दीन, नासिर प्रधान, अली वारिस, बब्बन, कल्लू खां, शहाबुद्दीन, इब्ने हसन, इसरार प्रधान, इख्तियार हुसैन, विरासत मौजूद रहे।