बिजनौर। राजेंद्रनगर कॉलोनी के पास खोली जा रही शराब की दुकान के विरोध में कॉलोनी की महिलाएं उतर आई हैं। महिलाओं ने रविवार को दुकान के बाहर धरना शुरू कर दिया है। सुरक्षा का हवाला देते हुए शराब की दुकान न खुलने देने की मांग प्रशासन से की है।
शनिवार को महिलाओं ने शराब की दुकान के मरम्मत का काम को रुकवा दिया था। कहना था कि शराब की दुकान पर खड़े रहने वाले शराबी आती जाती महिलाओं पर अश्लील फब्तियां कसते हुए छेड़छाड़ करते हैं। महिलाओं का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। शराबी शोर शराबा करते हुए खाली बोतल, पत्थर आदि फेंकते हैं। कॉलोनी की महिलाएं अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। महिलाओं को डर है कि कहीं उनके साथ कोई अनहोनी न हो जाए। शनिवार को महिलाओं को पुलिस ने समझा बुझाकर घर भेज दिया था। प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई न होते देखकर रविवार को महिलाओं ने दुकान के सामने धरना शुरू कर दिया। महिलाओं का कहना है कि यहां किसी भी कीमत पर शराब की दुकान नहीं खुलने दी जाएगी। धरने में मीनू गुप्ता, अंजू वशिष्ठ, सरिता, शिखा, तारावती, रितिका, नीरा जैन, भावना आदि महिलाएं मौजूद रहीं।
शराब की दुकान हटवाने की मांग
नहटौर। मोहल्ला जोशीयान में मंदिर के पास शराब की दुकान खुलने पर लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया था। क्षेत्रीय विधायक ओमकुमार ने मौके पर पहुंचकर मंदिर के पास शराब की दुकान हटवाने का आश्वासन दिया। इसके बाद मोहल्ले में मंदिर से अलग सुरेश सैनी की दुकानों में शराब की दुकान खुलने पर मुस्लिम समाज के लोगों ने विरोध करना शुरू कर दिया। उनका कहना था कि सड़क के दूसरी ओर मुस्लिम समाज के लोग रहते है। लोगों के जमा होने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। क्षेत्रीय आबकारी अधिकारी मनोज कुमार के पहुंचने पर चेयरपर्सन के पुत्र राजा अंसारी, हाजी यामीन फारूकी, मल्लन सिद्दीकी, सभासद नबील अहमद, शानू अंसारी, हाजी शाहआलम, हाजी दिलशाद आदि ने वार्ता की। उन्होंने शराब की दुकान को हटवाने की मांग रखी। क्षेत्रीय आबकारी अधिकारी ने अनुमति दिखाकर शराब की दुकान को हटवाने से इंकार कर दिया। उन्होंने उच्चाधिकारियों के आदेशों का पालन करने की बात कही। उच्चधिकारियों के आदेशानुसार अग्रिम कार्रवाई करने को कहने पर लोग एसडीएम धामपुर से मिलने के लिए चले गए।