अमरोहा। अहमदाबाद से वाराणसी जा रही एक्सप्रेस ट्रेन में एक महिला को प्रसव पीड़ा हो गई। दौड़ती ट्रेन में ही महिला ने बेटे को जन्म दिया। महिला की डिलीवरी के कारण ट्रेन को अमरोहा में रोका गया। स्टेशन से आनन फानन अस्पताल भिजवा दिया। जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।
शुक्रवार को अमरोहा से अहमदाबाद-वाराणसी एक्सप्रेस गुजरने वाली थी। इसी बची इस ट्रेन के टीटीई ने कंट्रोल को एक महिला की डिलीवरी होने की सूचना दी। कंट्रोल ने अमरोहा स्टेशन मास्टर मैसेज भेजा। आनन-फानन आरपीएफ को सूचना दी। ट्रेन आने से पहले ही स्टेशन पर एक एंबुलेंस को बुला लिया गया। यूं तो इस ट्रेन का अमरोहा में स्टॉपेज नहीं है लेकिन इमरजेंसी के चलते ट्रेन को रोक लिया गया। ट्रेन के स्लीपर कोच संख्या चार में एक महिला की डिलीवरी हुई थी। आरपीएफ कांस्टेबल सुशील कुमार ने महिला को व्हील चेयर के सहारे ट्रेन से उतारकर एंबुलेंस तक लाया। महिला को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां समय रहते जच्चा और बच्चा को इलाज मिल सका। बताया गया कि नई दिल्ली के मायापुरी फेस टू में रहने वाले बालेश अपनी गर्भवती पत्नी सीमा देवी और दो बच्चों के संग दिल्ली से जौनपुर जा रहे थे। ट्रेन मेें ही सीमा को प्रसव पीड़ा होने लगी। कोच में सवार अन्य महिलाओं ने मदद की। प्रसूता ने बेटे को जन्म दिया। महिला और उसके पति ने रेलवे और आरपीएफ का आभार जताया।