बिजनौर (ब्यूरो)। ब्लॉक अफजलगढ़ के प्राथमिक विद्यालय अफजलगढ़ द्वितीय के प्रधानाध्यापक को शौचालय का निर्माण शुरू नहीं कराना महंगा पड़ा। बीएसए ने प्रधानाध्यापक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
ब्लॉक अफजलगढ़ के प्राथमिक विद्यालय अफजलगढ़ द्वितीय में एक शौचालय का निर्माण होना था। इसके लिए बेसिक शिक्षा विभाग से धनराशि भेजी गई थी, लेकिन प्रधानाध्यापक मोहम्मद अहसान ने निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया। मामले में बीएसए ने जांच बीईओ और जिला समन्वयक निर्माण सलीम अख्तर बेग को सौंपी थी। बृहस्पतिवार को दोनों अधिकारी जांच को पहुंचे तो दोपहर 2.15 बजे स्कूल बंद पाया। फोन करने पर भी प्रधानाध्यापक नहीं आए। शिक्षक की उपस्थिति पंजिका भी दूसरे स्कूल में रखी पाई गई। बीईओ और जिला समन्वयक निर्माण की जांच आख्या पर बीएसए ने प्रधानाध्यापक मोहम्मद अहसान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। दूसरी ओर, नौ फरवरी को डीएम की ओर से गांव माहेश्वरी में किए गए निरीक्षण के दौरान स्कूल की शिक्षा व्यवस्था सही नहीं पाए जाने पर आशिया परवीन की वेतनवृद्धि रोकने आदेश दिए गए हैं। साथ ही एक बीईओ का भी जवाब तलब किया गया है। बीएसए महेश चंद्र के मुताबिक स्कूलों में किसी भी प्रकार की शिथिलता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।