उपचुनाव को लेकर ग्रामीणों में उत्साह नहीं
धामपुर (बिजनौर)। अल्हैपुर ब्लाक में 22 फरवरी होने वाले उप चुनाव के प्रति लोगों में कम उत्साह है। ब्लाक में नौ ग्राम सभाओं में सदस्य और दो ग्राम सभाओं में प्रधान पद के लिए नामांकन प्रक्रिया चल रही है। इनमें से चार पंचायतों में सदस्य पद के लिए एक भी व्यक्ति से पर्चा नहीं भरा। जबकि पांच ग्राम सभाओं में एकल परचा दाखिल होने से इनके सदस्य निर्विरोध चुने जाने का रास्ता साफ हो गया है। 15 फरवरी को नाम वापसी और चुनाव चिह्न आवंटन होंगे।
एआरओ केशव सिंह ने बताया कि ब्लाक में दो ग्राम सभा कौड़ीपुरा और मुबारकपुर टप्पा भारती में प्रधान पद के लिए उप चुनाव होने हैं। कौड़ीपुरा पंचायत एससी के लिए आरक्षित है। जबकि मुबारकपुर टप्पा भारती सामान्य श्रेणी में है। कोड़ीपुर पंचायत में प्रधान पद के लिए तीन, मुबारकपुरटप्पा भारती से चार लोगों के पर्चे जमा हुए हैं। बताया गया कि चार ग्राम सभाओं में होने वाले सदस्य पद के लिए किसी भी व्यक्ति ने परचा नहीं भरा है। इनमें ग्राम सभा कौड़ीपुरा का वार्ड नंबर एक, बालकिशनपुर का वार्ड नंबर चार, अजीतपुर दासी का वार्ड दो, जमालपुर उदयचंद का वार्ड नंबर पांच शामिल हैं। ग्राम सभा हकीमपुर शकरगंज के वार्ड 11, नवादा सैदपुर जमाल के वार्ड नंबर 13, मानपुर शिवपरी के वार्ड नंबर 10, बेरखेड़ा चौहान के वार्ड 08 से एक-एक पर्चा जमा हुआ है। इन सभी सदस्यों के निर्विरोध चुने जाने का रास्ता साफ हो गया है। एआरओ ने बताया कि 15 फरवरी को चुनाव चिह्न का आवंटन, 22 फरवरी को मतदान और 24 फरवरी को गणना के बाद परिणामों की घोषणा कर दी जाएगी।
अफजलगढ़ में सदस्यों के पांच पद अभी भी खाली
अफजलगढ़। ब्लाक अफजलगढ़ में ग्राम प्रधान के पद के लिए कोई उप चुुनाव नहीं होना है। मात्र चार ग्राम सभाओं में पंचायत सदस्यों के छह पदों के लिए नामांकन होने थे। परंतु इनमें से केवल ग्राम मकसूदाबाद में एक व्यक्ति ने पंचायत सदस्य के लिए नामांकन कराया। बाकी पदों के लिए नामांकन कराने को कोई नहीं आया। इस प्रकार से अभी भी ब्लाक में सदस्य पद के लिए पांच पद रिक्त है। एडीओ पंचायत रविकांत ने बताया कि इन चार ग्रामसभाओं में से ग्राम सभा सलावतनगर में एक, मोहम्मदपुर उर्फ जागीपुरा में एक, मकसूदाबाद में एक, कुआखेड़ा में तीन पद रिक्त थे। जिनमें से केवल ग्राम सभा मकसूदाबाद में केवल एक ही व्यक्ति ने परचा भरा है।