बिजनौर । प्रशासन ने महिलाओं के लिए नई पहल शुरू की है। अक्षय कुमार की मूवी पैड मैन की तर्ज पर अब गांव-गांव में पैड मैन रखे जाएंगे। सैनिटेशन पैड जिले में तैयार होगा। प्रशासन उच्च क्वालिटी का सैनिटेशन पैड तैयार करने के लिए हाईटेक मशीन मंगाने की योजना है। इसके लिए मशीनों की टेकिभनकल स्टडी के लिए अधिकारियों की टीम उत्तराखंड के काशीपुर भेजी जा रही है।
अक्षय कुमार की मूवी पैड मैन महिलाओं का सैनिटेशन का संदेश दे रही है। अब पंचायतराज विभाग ने ग्रामीण महिलाओं को मासिक धर्म सैनिटेशन के प्रति जागरूक करने के लिए गांव गांव पैड मैन रखने का निर्णय लिया है। योजना की कमान थाम रहे सीडीओ इंद्रमणि त्रिपाठी के अनुसार स्वच्छताग्रही और शिक्षा प्रेरकों को इस काम में लगाया जाएगा। समाजसेवी संस्थाओं महिला मंगल दल, युवक मंगल दल का भी सहयोग लिया जाएगा। योजना की ब्लूप्रिंट तैयार कर लिया गया है। वर्तमान में स्वास्थ्य और ग्रामोद्योग विभाग की ओर से तैयार सैनिटेशन पैड स्तरीय नहीं है। सीडीओ ने कई गांवों में जाकर महिलाओं से इसके बारे में जानकारी ली है। प्रशासन पैडमैन को प्रशिक्षित करेगा।
अधिकारियों की टीम उत्तराखंड जाएगी
बिजनौर। सीडीओ इंद्रमणि त्रिपाठी के अनुसार जिले में उच्च स्तरीय सैनिटेशन पैड तैयार करने की योजना है। इसके लिए विदेश से आयातित मशीन राजस्थान से मंगाई जाएगी। उत्तराखंड राज्य के काशीपुर में इस मशीन से काम शुरू हो गया है। मशीन की कीमत करीब आठ लाख है। इसका तकनीकी अध्ययन करने के लिए सीडीपीओ नजीबाबाद आशा रानी, एडीओ पंचायत और स्वयं सहायता समूह की तीन महिलाओं की टीम 15 फरवरी को काशीपुर जा रही है।
प्रशासन ने शुरू कराया डोर टू डोर डिमांड सर्वे
बिजनौर । सीडीओ के मुताबिक प्रशासन ने सैनिटेशन पैड का इस्तेमाल करने वाली और नहीं करने वाली महिलाओं की सूची तैयार करने के लिए डोर टू डोर सर्वे शुरू करा दिया है। इससे महीनावार पैड की डिमांड का पता चल जाएगा। डिमांड सर्वे पूरा होने के बाद सप्लाई चेन व्यवस्था शुरू होगी। मार्च में नई मशीन से पैड तैयार होने लगेंगे।