सड़क की मरम्मत किए जाने का विरोध
बिजनौर। कांवड़ यात्रा के लिए चांदपुर की चुंगी के पास सिरधनी रोड की मरम्मत करने पहुंची टीम का क्षेत्र वासियों ने विरोध कर दिया। क्षेत्रवासी सड़क की मरम्मत से पहले नाला बनवाने पर अड़ गए। विरोध को देखते हुए पालिका की टीम को खाली हाथ लौटना पड़ा। शाम को सड़क की मरम्मत शुरू हुई।
कांवड़ यात्रा शुरू होने को है, जिला प्रशासन रास्तों की मरम्मत में लगा है। कई गांवों को जोड़ने वाली सिरधनी रोड की हालत खराब है। यहां सड़क पर काफी गड्ढे हो गए हैं और हर समय पानी भरा रहता है। नागरिक यहां काफी समय से सड़क, बड़ा नाला बनाने की मांग कर रहे हैं। इस सड़क से होकर चांदपुर क्षेत्र के कांवड़िए जाते हैं। बुधवार को सड़क की मरम्मत करने के लिए एडीएम प्रशासन मदन सिंह गर्ब्याल और एसडीएम वीके सिंह के नेतृत्व में नगर पालिका की टीम गई थी।
अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और जरूरी दिशा निर्देश देकर आ गए। इसके बाद जब जेसीबी मौके पर पहुंची तो क्षेत्रवासी ने सड़क की मरम्मत न होने देने पर अड़ गए। उन्होंने कहा कि सड़क की मरम्मत से पहले पक्का नाला बनाया जाए। पालिका कर्मचारियों ने बताया कि सड़क व बड़ा नाला बनाने का काम पीडब्ल्यूडी द्वारा जल्दी शुरू किया जाएगा, लेकिन नागरिक नहीं माने। उनका कहना था कि पक्का नाला बनने के बाद ही वे सड़क की मरम्मत होने देंगे। विरोध को देखते हुए पालिका की टीम लौट आई। बाद में किसी तरह समझाने पर पर नागरिक सड़क की मरम्मत के लिए राजी हो गए और मरम्मत का काम शुरू हुआ। एसडीएम वीके सिंह का कहना है कि पूरी स्थिति पर नजर रखी जा रही है। कांवड़ियों की सुविधा को देखते हुए हर संभव प्रयास जिला प्रशासन कर रहा है। कांवड़ियों को किसी तरह की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।