धामपुर/ अफजलगढ़ (बिजनौर)। सीसीटीवी कैमरों की निगरानी के बीच मंगलवार को यूपी बोर्ड की परीक्षाएं शुरू हो गई है।
परीक्षा सुबह साढे़ सात बजे शुरू हुई। 12वीं कक्षा का हिंदी और हाईस्कूल में गृह विज्ञान का प्रथम पारी में पेपर रहा। केंद्र व्यवस्थापक भी कक्षों में भ्रमण करते रहे। धामपुर में पेपर छूटते ही जैसे ही कन्या इंटर कालेज से छात्राएं बाहर आई तो 12वीं कक्षा की सोनम , फरहा परवीन, सानिया परवीन ने हिंदी के प्रथम प्रश्नपत्र के अपेक्षा से ज्यादा आसान बताया है। कक्षा 10 की छात्रा आंचल शर्मा, हेमलला सैनी, नाजिया, शगुफ्ता , मेहनाज ने भी गृह विज्ञान के प्रश्नपत्र को आसान बताया। अफजलगढ़ में छात्र सागर सैनी ,सचिन ,विकास, अभिषेक और फियाजुददीन का कहना है कि प्रश्नपत्र कोर्स में से ही आया है। जिसके चलते उन्होंने अधिकांश प्रश्न हल कर दिए। जीशान और हबीब अहमद का कहना है कि परीक्षा केंद्र पर अव्यवस्था होने के कारण उन्हें अपनी सीट ढूढ़ने में काफी समय गवाना पड़ा ।
कई परीक्षार्थी रहे गैर हाजिर
रेहड़ (बिजनौर)। बोर्ड परीक्षाओं के पहले दिन परीक्षा केंद्रों पर कई परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। हालांकि परीक्षा तीसरी आंख की निगरानी में शांतिपूर्वक संपन्न हुई। नवरत्न इंटर कॉलेज रेहड़ के व्यवस्थापक बीआर धीमान के अनुसार इंटर में 225 में से 21, हाईस्कूल में 48 में से 2, चमनो देवी इंटर कालेज कासमपुरगढ़ी के व्यवस्थापक धीरेंद्र कुमार ने बताया कि इंटर में 154 में 11, एचसीएम इंटर कालिज कासमपुरगढ़ी में इंटर में 161 में 3, हाई स्कूल में 248 में नौ, जबकि सादकपुर इंटर कालेज के इंचार्ज डॉक्टर विजेंद्र सिंह ने बताया इंटर 96 में चार और हाईस्कूल 55 में चार परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। शेरकोट क्षेत्र में बने सभी परीक्षा केंद्रों पर शांति पूर्वक परीक्षा हुई है। कहीं पर कोई व्यवधान नहीं हुआ।