हल्दौर । स्थानीय ब्लॉक कार्यालय में आयोजित भाकियू की मासिक पंचायत में क्षेत्र के कुछ दिग्गज पदाधिकारियों के पंचायत में नहीं शामिल होने से किसानों में उनके प्रति आक्रोश पैदा हो गया। संगठन के किसानों ने पंचायत से नदारद पदाधिकारियों की शिकायत हाईकमान से करने का निर्णय लिया।
मंगलवार सुबह करीब 11 बजे स्थानीय ब्लॉक कार्यालय में भारतीय किसान यूनियन की मासिक पंचायत में शुरू हुई। किसानों के अनुसार मासिक पंचायत में क्षेत्र के संगठन के कुछ दिग्गज नेताओं को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था। पंचायत में उनकी मौजूदगी में किसान हितैषी कुछ मामलों में निर्णय लेने थे। पंचायत में भाग लेने पहुंचे किसानों ने उक्त नेताओं की काफी देर तक प्रतीक्षा की। लेकिन वे पंचायत में नही पहुंचे। किसानों किसानों ने उन्हें फोन पर भी संपर्क किया, लेकिन उन्होंने पंचायत में पहुंचने संबंधी कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। इससे पंचायत में मौजूद किसानों आक्रोश पैदा हो गया। किसानों ने पंचायत से नदारद उक्त नेताओं पर किसानों को पंचायत में शीघ्र पहुंचने का झूठा आश्वासन देने का आरोप लगाते हुए उनकी शिकायत हाईकमान से करने का निर्णय लिया। पंचायत में बिजली की बढ़ी दरें वापस लेने, 16 से 18 जनवरी को इलाहाबाद में आयोजित किसान चिंतन शिविर में भारी तादाद में पहुंचने व गांव अगरी में विद्युत लाइन खिंचवाने समेत आदि मामलों को प्रमुखता से उठाया गया। किसानों ने उक्त समस्याओं के समाधान के लिए पंचायत में पहुंचे विकास खंड अधिकारी सुनील कुमार को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। पंचायत की अध्यक्षता ब्लॉक अध्यक्ष प्रमोद कुमार और संचालन धर्मेंद्र राणा ने किया। पंचायत में जिला उपाध्यक्ष सुनील कुमार, जसवीर सिंह, ओमप्रकाश, उदयवीर सिंह, महेंद्र सिंह, पवन कुमार, उदयराज सिंह आदि मौजूद रहे।