हादसे में दो लोगों की मौत
चांदपुर (बिजनौर) । धनौरा रोड पर ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। दोनों की मौत से शादी वाले घर की खुशियां मातम में बदल गईं। गुस्साए लोगों ने रोड पर जाम लगा दिया। पुलिस ने परिजनों और ग्रामीणों को समझाकर किसी तरह जाम खुलवाया।
गांव दरबाड़ा निवासी शौबीर पुत्र मनोहरी सिंह के लड़के की शादी हाल ही में होनी है। शादी के लिए शुक्रवार को टैंट बुक करने के लिए शौबीर गांव के ही चंद्रपाल सिंह (33) पुत्र उदल सिंह के साथ बाइक से गांव बागड़पुर गए थे। देर शाम बागड़पुुर से बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। गांव दरबाड़ा और मिर्जापुर के पास चांदपुर की ओर से आ रहे ट्रक की चपेट में आ गए। ट्रक की चपेट में आकर दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं आरोपी चालक ट्रक सहित मौके से फरार हो गया। दोनों की मौत की सूचना पर आसपास के लोगों की भीड़ के साथ गांव के लोग और परिजन भी पहुंच गए। गुस्साएं परिजनों और ग्रामीणों के साथ चांदपुर-धनौरा रोड पर जाम लगा दिया। जाम के दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई । जाम लगाने वाले लोग ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई करने और मृतकों के परिजनों को मुआवजा दिलाने की मांग करने लगे। जाम की सूचना पर एसडीएम वीके सिंह , सीओ अंशु जैन और कोतवाल शैलेंद्र गौतम मौके पर पहुंचे। उन्होंने जाम लगा रहे ग्रामीणों को कई बार समझाने की कोशिश की पर ग्रामीण जाम खोलने को तैयार नहीं हुए। एसडीएम और सीओ ने मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख का शासन से मुआवजा दिलाने और आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया तब जाकर ग्रामीण जाम खोलने को तैयार हुए। जाम करीब एक घंटे तक लगा। शादी वाले घर की खुशियां भी मातम में बदल गईं। गांव वालों का कहना है कि शौबिर सिंह बेटे की शादी की तैयारी में काफी समय से लगा था। वह हर काम समय से निपटाने के लिए खूब भागदौड़ कर रहा था। शौबिर टैंट करने के लिए और शादी के कुछ और काम निपटाने के लिए गांव के ही चंद्रपाल सिंह को भी ले गए थे।