निकाय चुनाव मतगणना की तैयारी पूरी
नजीबाबाद। नगर निकाय चुनाव की मतगणना के लिए एजेंट बनाने का काम आज से शुरू होगा। नजीबाबाद के कासमियां इंटर कॉलेज में नगरपालिका परिषद नजीबाबाद, नगर पंचायत साहनपुर और बालिका परिसर में नगरपालिका परिषद किरतपुर और जलालाबाद की मतगणना होगी।
एसडीएम उद्भव त्रिपाठी और तहसीलदार सुरेश कुमार, नायब तहसीलदार सीके त्रिपाठी की मौजूदगी में मतगणना स्थल से नगरपालिका परिषद और नगर पंचायत के अध्यक्ष और सदस्य पद की मतगणना के लिए आरओ/एआरओ एजेंट पास जारी करेंगे। नगरपालिका परिषद नजीबाबाद के अध्यक्ष पद की मतगणना 19 टेबिल पर और सदस्य पद की मतगणना 14 टेबिल पर एक साथ शुरू होगी। किरतपुर नगरपालिका परिषद अध्यक्ष पद की मतगणना के लिए 14 टेबिल और सदस्य पद की मतगणना के लिए 9 टेबिल लगाई जाएंगी।
नगर पंचायत साहनपुर और जलालाबाद अध्यक्ष पद की मतगणना 5-5 टेबिल और सदस्य पद की मतगणना 4-4 टेबिल पर संपन्न होगी। प्रशासन ने स्ट्रांग रूम के निकट के कक्षों में मतगणना कराने की व्यवस्था की है। निकाय चुनाव के लिए नियुक्त किए गए अध्यक्ष और सदस्य पद के आरओ/एआरओ सोमवार आज से कासमियां इंटर कॉलेज में उपस्थित रहकर अध्यक्ष और सदस्य पद के एजेंट पास जारी करेंगे। अध्यक्ष पद के लिए एक टेबिल पर एक एजेंट को पास दिया जाएगा। जबकि सदस्य पद के प्रत्याशी स्वयं या अपने एजेंट का पास जारी करा सकेंगे। जिस वार्ड की मतगणना पूरी हो जाएगी उसके प्रत्याशी अथवा एजेंट को तत्काल मतगणना कक्ष छोड़ना होगा।
आरओ/एआरओ की देखरेख में होगी मतगणना
नजीबाबाद। नगरपालिका परिषद नजीबाबाद के अध्यक्ष पद की मतगणना आरओ शैलेंद्र कुमार, एआरओ वीके अग्रवाल और मायापति यादव की देखरेख में संपन्न होगी। किरतपुर नगरपालिका अध्यक्ष पद की मतगणना आरओ अब्दुल वाहिद, एआरओ अरविंद कुमार व ऋषिपाल सिंह, नगर पंचायत साहनपुर के अध्यक्ष पद की मतगणना आरओ ओपी सिंह, एआरओ मनोज अग्रवाल और जलालाबाद नगर पंचायत की मतगणना आरओ नवीन कुमार और एआरओ जय गोपाल की देखरेख में संपन्न होगी। सदस्य पद की मतगणना के लिए अलग से आरओ और एआरओ तैनात किए गए हैं।