टैबलेट लेने लखनऊ पहुंचेंगे 200 विद्यार्थी
बिजनौर। जिले के 200 छात्र लखनऊ में प्रस्तावित टैबलेट व स्मार्ट फोन वितरण कार्यक्रम में प्रतिभाग करने के लिए 24 दिसंबर को लखनऊ के लिए रवाना होंगे। सीडीओ केपी सिंह ने बताया कि शासन से टैबलेट वितरण की आगे की प्रक्रिया भी प्राप्त हो गई है। इसके अंतर्गत आगे कॉलेज स्तर पर वितरण कार्यक्रम होंगे।
शासन का युवाओं के तकनीकी सशक्तीकरण के लिए 25 दिसंबर को लखनऊ में टैबलेट व स्मार्ट फोन वितरण का कार्यक्रम है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। जिले से लखनऊ के कार्यक्रम में प्रतिभाग करने के लिए 200 छात्रों का चयन हुआ है। चयनित सभी छात्र कृष्णा कॉलेज बिजनौर के विभिन्न विभाग से हैं। कार्यक्रम के जिला नोडल अधिकारी एवं सीडीओ केपी सिंह ने बताया कि चयनित 200 छात्र 24 दिसंबर को कृष्णा कॉलेज की बसों द्वारा लखनऊ के लिए रवाना होंगे। छात्रों के जाने की सभी व्यवस्थाएं कॉलेज ने पूरी कर ली हैं। बताया कि शासन से जिले में अन्य चयनित पात्र छात्रों को टैबलेट तथा स्मार्ट फोन दिए जाने की आगे की प्रक्रिया के बारे में दिशा निर्देश मिल गए हैं।
ऐसे तैयार हुई पात्र छात्रों की सूची
सीडीओ केपी सिंह ने बताया कि शासन के तय निर्देशानुसार पात्र छात्रों की सूची कॉलेजों द्वारा तैयार करके अपलोड की गई थी। इस सूची का संबंधित विश्वविद्यालय द्वारा सत्यापन किया गया था। अपात्र छात्रों को हटा दिया गया है। पात्र छात्रों की सूची को लॉक कर दिया गया है। आगे जिन छात्रों को टैबलेट व स्मार्ट फोन दिए जाने हैं उनकी सूची एवं संख्या शासन से आएगी।
कॉलेज स्तर पर होंगे टैबलेट वितरण कार्यक्रम
सीडीओ केपी सिंह ने बताया कि शासन से टैबलेट व स्मार्ट फोन एक साथ नहीं आएंगे। टैबलेट व स्मार्ट फोन अलग-अलग खेप में आएंगे। टैबलेट व स्मार्ट फोन रखने के लिए पॉलिटेक्निक कॉलेज बिजनौर को स्टोर रूम बनाया गया है। कॉलेज के छात्रों की संख्या के अनुसार टैबलेट व स्मार्ट फोन आएंगे। उन्हें संबंधित कॉलेजों को भेज दिया जाएगा। वितरण कॉलेज स्तर पर होगा। वितरण कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति अनिवार्य होगी। छात्रों को वितरण जनप्रतिनिधियों के सामने होगा।