शपथ लेकर 198 रिक्रूट बने पुलिस के जवान
बिजनौर। रिजर्व पुलिस लाइन में रिक्रूट पुलिस आरक्षियों की दीक्षांत परेड आयोजित हुई। डीआईजी शलभ कुमार ने परेड की सलामी ली। उन्होंने आरक्षियों को शपथ दिलाई। परेड पूरी होने के बाद 198 रिक्रूट अब पुलिस में शामिल हो गए हैं।
पुलिस लाइन में आयोजित परेड में आठ टुकड़ियों में रिक्रूट आरक्षियों ने हिस्सा लिया। मुख्य अतिथि डीआईजी शलभ माथुर व एसपी डॉ. धर्मवीर सिंह ने सलामी ली और परेड का निरीक्षण किया। उन्होंने रिक्रूट आरक्षियों को पद की शपथ दिलाई। एसपी ने साइटोजन पढ़ा। परेड के प्रथम कमांडर रिक्रूट आरक्षी विशाल तोमर, द्वितीय कमांडर रोहित कुमार व तृतीय कमांडर सागर रहे। ट्रेनिंग के दौरान अच्छा प्रदर्शन करने वाले रिक्रूट आरक्षियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन अयूब अहमद ने किया। इस दौरान डीएम रमाकांत पांडेय, एसपी सिटी डॉ. प्रवीन रंजन सिंह, एसपी देहात संजय कुमार, एसपी पूर्वी अनित कुमार, सीओ सिटी कुलदीप गुप्ता, प्रतिसार निरीक्षक शिवबालक वर्मा, आरटीसी प्रभारी जगदीश सिंह, आरटीसी मेजर अनुज कुमार आदि मौजूद रहे।
कृष्ण रावत को सर्वांग सर्वोत्तम का खिताब
बुलंदशहर के रहने वाले कृष्ण रावत ने सर्वाधिक अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। उन्हें सर्वांग सर्वोत्तम का खिताब भी दिया गया। कक्षीय विषयों में सर्वाधिक अंक रोबिन कुमार ने प्राप्त किए। अन्य विषयों में अनुज भाटी प्रथम रहे। अंकित, सुलानिया, रोबिन, विकास सिंह, कपिल, कुणाल धामा और विपिन कुमार ने भी अलग-अलग विषयों में प्रथम स्थान प्राप्त किया। आउट डोर में तरुण राणा, हरेंद्र कुमार, दीपक तोमर, सचिन कुमार, दीपक कुमार विश्वजीत, अनुज भाटी, कामेश कुमार और विकास ने प्रथम स्थान बनाया।
वरुण प्रताप सिंह बने बेस्ट एसआई टीचर
बेस्ट एसआई टीचर वरुण प्रताप सिंह, बेस्ट आईटीआई सुनील कुमार, बेस्ट पीटीआई वतनपाल सिंह, बेस्ट टीचर अनुज और आनंद स्वरूप शर्मा को चुना गया।
ईमानदार अधिकारी बनना चाहते हैं विशाल, कृष्ण और रोहित
बिजनौर। रिक्रूट आरक्षी के परेड कमांडर विशाल तोमर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले कृष्ण रावत, रोहित और सागर का कहना है कि कड़ी मेहनत के साथ ही वे इस मुकाम पर पहुंचे हैं। उनका सपना एक ईमानदार अधिकारी बनने का है। पुलिस की नौकरी पाने में उन्होंने कड़ी मेहनत की। इस काम में उन्हें परिजनों का भी सहयोग मिला। अब वे नौकरी पाकर बेहद ही खुश हैं। उन्होंने अधिकारी बनने की तैयारी शुरु कर दी है। कृष्ण रावत उप निरीक्षक बनने की तैयारी में है। वह किसान परिवार से है। ये सभी बृहस्पतिवार को दीक्षांत परेड समारोह के बाद गदगद रहे। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने बहुत कुछ सीखा है। इस दौरान सभी उन्हें बेहद ही सहयोग मिला।