नहर की पटरी टूटने से खेतों में भरा पानी
मंडावली/नजीबाबाद। फोरलेन हाईवे निर्माण के लिए पुलिया का निर्माण किसानों के लिए सिरदर्द बन गया। पुलिया निर्माण के लिए नहर का रोका गया पानी नहर पटरी को तोड़ कर आसपास के खेतों में फैल गया, जिससे कई किसानों के खेतों में खड़ी गेहूं और गन्ने की फसल जलमग्न हो गई।
काशीपुर से हरिद्वार फोरलेन मार्ग का निर्माण चल रहा है। फोरलेन निर्माण इकाई ने मुस्सेपुर-मंडावली के निकट पुलिया निर्माण के लिए हाल ही में नहर का पानी रोका था। शुक्रवार की रात गदाइकी क्षेत्र में अचानक नहर में पानी बढ़ने से रोके गए पानी का दबाव बढ़ गया। पानी के दबाव से नहर की पटरी टूट गई। नहर का पानी आसपास गेहूं और गन्ने के खेतों में फैल गया। कुछ किसानों ने हाल ही में गन्ना बोया था। गन्ने की नई फसल और गेहूूं में पानी भरने से किसानों को नुकसान पहुंचा है। नहर की पटरी टूटने से फैले पानी से खेतों में आवागमन के रास्तों में भी पानी भर गया। जिससे किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ा।नहर की पटरी टूटने से दयाराम, ऋषिपाल, शाहिद, मो. यूसुफ, नरेश, महेंद्र सहित कई किसानों की गेहूं की फसल में पानी भर गया। किसानों ने फोरलेन हाईवे निर्माण इकाई से फसलों को पहुंचे नुकसान की जांच कराकर मुआवजा दिलाने की मांग की है। किसानों ने सिंचाई विभाग से टूटी नहर पटरी की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है।