नेहरू स्टेडियम बिजनौर ने जीता कबड्डी मैच
बिजनौर। शासन के निर्देश पर नेहरू स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय खूब खेलो-खेलो बढ़ो कबड्डी प्रतियोगिता में स्टेडियम की टीम ने विजय पताका फहराई। प्रतियोगिता में छह टीमों ने प्रतिभाग किया।
मंगलवार को नेहरु स्पोर्ट्स स्टेडियम में प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। शुभारंभ मुख्य अतिथि समाजसेविका प्रगति विश्नोई और विशिष्ट अतिथि डा. अलका विश्नोई ने संयुक्त रूप से खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। वक्ताओं ने कहा कि प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने से खिलाड़ियों को प्रतिभाएं दिखाने का मौका मिलता है। इस दौरान नेहरू स्टेडियम बिजनौर एवं किसान इंटर कॉलेज बिजनौर के बीच कबड्डी मैच हुआ। इसे 38-15 के स्कोर से स्टेडियम की टीम ने जीत लिया।
इस अवसर पर प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी राकेश कुमार यादव, उप जिला क्रीड़ा अधिकारी जयवीर सिंह, पुष्पेंद्र कुमार, खड़क सिंह, पूरन सिंह, हिमांशु, चित्रा चौहान, अजीत सिंह, ओमवीर रणा, राजेंद्र कुमार सोलंकी आदि मौजूद रहे।