रूखालू (अमरोहा)। हसनपुर तहसील क्षेत्र के गांव पथरा में गुरुवार देर रात बुखार से पीड़ित कक्षा तीन के छात्र की मौत हो गई। छात्र दो दिन से बुखार से पीड़ित था। परिजन स्थानीय स्तर पर इलाज करा रहे थे।
हसनपुर तहसील क्षेत्र के गांव पथरा मुस्तकम निवासी वीर सिंह का आठ वर्षीय पुत्र प्रमोद दो दिन से बुखार से पीड़ित था। वह ग्रामोदय इंटर कॉलेज गंगेश्वरी में कक्षा तीन का छात्र था। बुधवार को वह बुखार आने के कारण स्कूल से छुट्टी लेकर घर आ गया। परिजनों ने गांव में प्राइवेट डॉक्टर से इलाज कराया, लेकिन छात्र की हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। जहां छात्र ने गुरुवार की देर रात दम तोड़ दिया। छात्र की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। छात्र चार भाई बहन में सबसे बड़ा था। उसके शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया है।