जांच टीम का घेराव किया, हुई नोकझोंक
हल्दौर। ग्राम पंचायत फजलपुर ढाकी में ग्राम प्रधान द्वारा कराए गए विकास कार्यों की टीम ने जांच की। ग्रामीणों ने जांच टीम का घेराव कर तीखी नोकझोंक की। टीम ने ग्रामीणों को निष्पक्ष जांच कराने का आश्वासन देकर शांत किया।
ग्राम पंचायत फजलपुर ढाकी के कुछ ग्रामीणों ने पूर्व ग्राम प्रधान रुबी दानिश पर गांव में कराए गए विकास कार्यों में बरती गई अनियमितताओं की शिकायत डीएम से की थी। डीएम के निर्देश पर मंगलवार दोपहर एक बजे जांच टीम में शामिल मुख्य पशु चिकित्साधिकारी भूपेंद्र सिंह, टीम के साथ गांव पहुंचे। जांच टीम ने गांव के पंचायत घर में खुली बैठक कर ग्रामीणों की समस्याओं को सुना। बैठक में ग्रामीणों, जांच टीम के बीच गहमा गहमी का माहौल पैदा हो गया।
इसके बाद टीम ने लोगों के घर-घर जाकर स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत बनवाए गए शौचालयों की जांच की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जांच टीम ने ग्रामीणों की समस्याओं की शिकायत पर गांव की सीसी रोड, आवासों, पेय जल व्यवस्था, साफ-सफाई की जांच की। जांच टीम में शामिल एक सदस्य ने ग्रामीणों की शिकायत को अनसुना करने का प्रयास किया। इस पर कुछ ग्रामीण भड़क गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने टीम का घेराव कर तीखी नोकझोंक की। टीम ने ग्राम विकास कार्यों की जांच कर आख्या डीएम को भेजने की बात कही है। वहीं, ग्राम प्रधान रूबी ने गांव में कराए विकास कार्यों में निष्पक्षता, ईमानदारी बरतने का दावा किया है।