राज्यमंत्री ने किया बंद कंबल कारखाने का निरीक्षण
नजीबाबाद। उप्र खादी ग्रामोद्योग के उपाध्यक्ष एवं राज्यमंत्री गोपाल अंजान ने बंद पड़े कंबल कारखाने का निरीक्षण किया। उन्होंने खादी ग्रामोद्योग के अकबरपुर चौगांवा स्थित प्रशिक्षण केंद्र का भी निरीक्षण किया।
उप्र खादी ग्रामोद्योग के उपाध्यक्ष एवं राज्यमंत्री गोपाल अंजान ने नजीबाबाद दौरे के दौरान नगर की आबादी के बीच स्थित बंद पड़े कंबल कारखाने का निरीक्षण किया। भाजपा नेता राजन टंडन गोल्डी, आशु अग्रवाल, संदीप तायल, शुभम ग्रोवर, मलखान चौधरी, अमित कौशिक, संजीव माहेश्वरी, नकुल अग्रवाल, पंकज शर्मा, ज्ञानेंद्र ठाकुर, विक्रम सिंह ने खादी ग्रामोद्योग के उपाध्यक्ष को करीब डेढ़ दशक से बंद पड़े कंबल कारखाने की स्थिति से अवगत कराया। भाजपा नेता राजन टंडन गोल्डी, आशु अग्रवाल ने नगर के नामचीन रहे कंबल कारखाने को फिर से चालू कराने की राज्यमंत्री से मांग की। मुख्यमंत्री ने नजीबाबाद के बंद कंबल कारखाने सहित प्रदेश केे बंद कारखानों का जीर्णोद्धार कराने, प्रदेश के बुनकरों को रोजगार देने के लिए सर्वे कराया था। नजीबाबाद के बंद कारखाने के संचालन की आस जागी थी, लेकिन मामला सर्वे तक ही सीमित हो गया। गोपाल अंजान ने कहा कि शासन ने बंद इकाईयों के खोलने के लिए बोर्ड गठित किया है। उन्होंने कंबल कारखाने के जीर्णोद्धार के लिए नए सिरे से प्रयास करने का आश्वासन दिया। उन्होंने जिला ग्रामोद्योग अधिकारी हरेंद्र चिकारा, खादी ग्रामोद्योग प्रशिक्षण केंद्र के प्रभारी सोमप्रकाश से कंबल कारखाना उद्धार के संबंध में अब तक शासन से किए पत्राचार की समस्त पत्रावलियां उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान नमन गुप्ता, रुस्तम यादव सहित अनेक भाजपाई उपस्थित रहे।