पीड़ित की मदद के नाम पर चुप्पी साध गए प्रमुख
नहटौर। ब्लाक में बीडीसी सदस्यों और ग्राम प्रधानों की बैठक में विकास कार्यों पर चर्चा की गई। जिसमें सड़क, नल आदि के कार्य कराए जाने के प्रस्ताव दिए गए। बैठक में चार दिन पूर्व सड़क दुर्घटना के मृत दंपति के बच्चों को आर्थिक मदद देने के नाम पर ब्लाक प्रमुख चुप्पी साध गए। जिससे बैठक में मौजूद सदस्य नाराज हो गए।
ब्लाक प्रमुख मृणाल भारद्वाज की अध्यक्षता, एडीओ हरि सिंह के संचालन में हुई बैठक में सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। राज्य वित्त से कराए जाने वाले कार्यों की योजना पर विचार विमर्श किया गया। बीडीसी सदस्यों और ग्राम प्रधानों ने बैठक में कच्ची सड़कों, सरकारी हैंडपंप, सीसी सड़कों आदि के प्रस्ताव रखे। चार दिन पूर्व गांव रूखड़ियों के एक दंपति की मौत होने पर उसके बच्चों को आर्थिक मदद करने पर विचार विमर्श किया गया। ग्राम प्रधान कपिल देव के मुताबिक बीडीसी सदस्यों और ग्राम प्रधान धर्मवीर सिंह, राजीव कुमार, सतेंद्र विश्वकर्मा, विश्वबंधु, सुरेंद्रपाल, रामकली, कांति प्रसाद आदि ने करीब 15 हजार रुपये एकत्रित किए हैं। ब्लाक प्रमुख की ओर से कोई सहयोग नहीं मिला है। पीड़ित परिवार की मदद पर ब्लाक प्रमुख के चुप्पी साधने पर कई बीडीसी सदस्यों और ग्राम प्रधानों ने नाराजगी व्यक्त की है।