अमरोहा। व्यापार मंडल अमरोहा के पदाधिकारियों ने पालिका कर्मियों पर पॉलीथिन जब्त अभियान की आड़ में उत्पीड़न करने का आरोप लगाकर कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया है। डीएम को ज्ञापन सौंपकर व्यापारियों ने उत्पीड़न को बंद नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
शुक्रवार को व्यापार मंडल के अध्यक्ष मोहम्मद इब्राहिम मंसूरी और महामंत्री सिद्धार्थ जैन के नेतृत्व में तमाम व्यापारी कलक्ट्रेट पहुंचे। यहां पालिका कर्मियों के उत्पीड़न करने का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की। डीएम को ज्ञापन सौंपकर बताया कि प्रदेश सरकार ने पचास माइक्रॉन से पतली पॉलीथिन पर प्रतिबंध लगाया गया है। जबकि इससे ज्यादा की पॉलीथिन पर कोई रोक नहीं है, लेकिन पालिका कर्मी पॉलीथिन जब्त अभियान के नाम पर पचास माइक्रॉन से ज्यादा की पॉलीथिन का प्रयोग करने वाले व्यापारियों को परेशान कर रहे हैं। उनसे जबरन जुर्माना वसूलकर उत्पीड़न किया जा रहा है। जो सरासर गलत है। इस दौरान सालिम मंसूरी, अमित मोहन, सलाउद्दीन मंसूरी, सुरेश कुमार विरमानी, सिद्धार्थ जैन, सुबोध रस्तोगी, नदीम उस्मानी, विजय चतुर्वेदी मौजूद रेह।