बिजनौर । इस साल गन्ने ने किसानों को मालामाल कर दिया है। किसानों ने अब तक 2300 करोड़ से भी अधिक का गन्ना बेच दिया हे। अभी भी किसानों के खेतों में अरबों रुपये का गन्ना खड़ा है। गन्ने का उत्पादन बढ़ने से किसानों की आमदनी बढ़ी है। किसान उत्पादन बढ़ाने के लिए गन्ना बुआई की नवीन तकनीक अपना रहे हैं।
गन्ना पश्चिमी उत्तर प्रदेश की प्रमुख फसल है। जिले के किसानों का मुख्य फोकस भी गन्ने की बुआई पर ही रहता है। अब तक किसान सामान्य या रिजेक्ट प्रजाति के गन्ने बोते थे। इन प्रजाति का उत्पादन कम होता था। गन्ना विभाग ने किसानों को अगेती प्रजाति का गन्ना बोने और ट्रैंच विधि से गन्ना बोने के लिए अभियान चलाया। जिले के किसान गन्ना बोकर बंपर उत्पादन कर रहे हैं। उत्पादन बढ़ने से किसानों की आमदनी भी बढ़ने लगी है।
साल गन्ना उत्पादन कीमत
2013-14 660 1800 करोड़
2014-15 700 2200 करोड़
2015-16 746 2100 करोड़
2016-17 891 2150 करोड़
2017-18 अब तक 732 2332 करोड़
नोट: गन्ने का उत्पादन लाख क्विंटल में है।
गन्ना जिले की प्रमुख फसल है। जिले में करीब साढ़े चार लाख हेक्टेअर जमीन में खेती होती है। इसमें से करीब सवा दो लाख हेक्टेअर यानि आधी जमीन में गन्ने की खेती होती है। अगेती प्रजाति के गन्ने का अधिक भुगतान मिलता है।
जिला गन्ना अधिकारी ओपी सिंह के मुताबिक अगेती प्रजाति बोने से गन्ने की अच्छी पैदावार हो रही है। उत्पादन बढ़ने से किसानों की आमदनी बढ़ी है। इस साल किसानों के गन्ने की कीमत तीन हजार करोड़ तक जाने का अनुमान है।