किरतपुर (ब्यूरो)। नए मतदाता बनाने में पक्षपात किए जाने के आरोपी किसान सेवा सहकारी समिति के निर्वाचन अधिकारी धर्मेन्द्र कुमार व उपनिर्वाचन अधिकारी सत्यवीर सिंह को सहायक निबंधक ने हटा दिया है ।
समिति के निवर्तमान सभापति महेंद्र सिंह खेमे के वर्चस्व को चैलेंज करते हुए इस चुनाव में पूरी ताकत के साथ कूदे भाजपा नेता रावेन्द्र सिंह व चौधरी रमेश सिंह खेमे ने उक्त निर्वाचन अधिकारियों पर बिना आपत्ति सुने 112 मतदाता बनाकर विरोधी गुट को लाभ पहुंचाने का आरोप लगाते हुए संबधित अधिकारियों से लिखित शिकायत की थी। चुनाव प्रक्रिया में उनक ी ओर से पक्षपात किए जाने का आरोप लगाते हुए उन्हें हटाकर नए निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किए जाने की मांग की थी। एसआर सहायक निबंधक अमित कुमार त्यागी ने बताया कि चुनाव में पक्षपात किए जाने की शिकायत पर निर्वाचन अधिकारी धर्मेंद्र कुमार और सहायक निर्वाचन अधिकारी सत्यवीर सिंह को हटाकर उनके स्थान पर योगेंद्र पाल सिंह उप परियोजना निदेशक को निर्वाचन अधिकारी और हरिश्चंद्र यादव प्रसार सहायक भूमि संरक्षण विभाग को उपनिर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया गया है।