बिजनौर। जिले में लगातार दस साल से तैनात चिकित्सकों को शासन स्तर से कभी भी स्थानांतरण हो सकते हैं। जिला अस्पताल में तैनात पांच चिकित्सकों का स्थानांतरण होना तय है। जिले में पहले से चिकित्सकों की कमी के कारण मरीज परेशान हैं।
शासन ने प्रदेश के सभी जिलों से पत्र भेजकर दस साल से जिलों में तैनात चिकित्सकों की सूची मांगी है। बिजनौर से दस साल की सूची में बाल रोग विशेषज्ञ डा.केके सिंह, फिजिशियन डा. ज्ञानचंद, पैथोलॉजिस्ट डा.संजय शंकर व डा.बीआर त्यागी समेत पांच चिकित्सकों का नाम शामिल है। जिले से इन चिकित्सकों को स्थानांतरण हुआ तो जिला अस्पताल खाली हो जाएगा। इससे पहले भी शासन ने सर्जन वीके शुक्ला को बरेली व हड्डी रोग विशेषज्ञ को डा. अनिल अग्रवाल को इटावा का सीएमओ बनाया है और उनकी स्थान पर किसी चिकित्सक की तैनाती भी नहीं की गई है। जिला व जिला अस्पताल पहले से ही चिकित्सकों की कमी से जूझ रहा है। पांचों चिकित्सकों का स्थानांतरण होने पर मरीजों को इलाज के लिए बुरी तरह जूझना पड़ेगा। डा.वीके शुक्ला व डा.अनिल अग्रवाल का स्थानांतरण होने के कारण सड़क दुर्घटना व अन्य गंभीर मरीजों को सीधे मेरठ रेफर करना पड़ रहा है। सीएमएस डा.राकेश मित्तल ने बताया कि शासन ने दस से जिले में तैनात चिकित्सकों की सूची मांगी है, जो शासन को भेज दी गई है। अगर चिकित्सकों को स्थानांतरण होता है तो मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पडेगा।