नींदडू। प्राथमिक विद्यालय की प्रबंध समिति की अध्यक्ष ने स्कूल की मुख्य अध्यापिका पर गैरकानूनी कार्य कराने के दबाव के अलावा उसकी ओर से इस्तीफा लिखे पत्र पर धोखे से हस्ताक्षर कराने का आरोप लगाया है।
नींदडू़ खास के प्राथमिक विद्यालय(द्वित्तीय) में दमयंती देवी मुख्य अध्यापिका के पद पर कार्यरत हैं, जबकि विद्यालय की प्रबंध समिति के अध्यक्ष के तौर पर नूर अफशां नियुक्त है। सोमवार को नूर अफशां ने जिलाधिकारी को प्रेषित शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि विद्यालय की मुख्य अध्यापिका दमयंती देवी उस पर कानून विरुद्ध एवं गलत कार्य कराने का दबाव बनाती रहती हैं। बिना कुछ जानकारी दिए चेकों पर हस्ताक्षर करा लेती हैं तथा सरकारी धन का दुरुपयोग करती हैं। इनकार करने पर अभद्र व्यवहार करती हैं तथा कानूनी कार्रवाई में फंसाने की धमकी देती हैं। आरोप है कि मुख्य अध्यापिका ने धोखे से उसके इस्तीफे पर हस्ताक्षर करा लिए। मुख्य अध्यापिका दमयंती देवी ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को गलत बताया है। उनका कहना है कि नूर अफशां बच्चों की ड्रेस, पुताई आदि के लिए आए बजट से अपने लिए धन मांगती हैं। रुपये न देने पर झूठे आरोप लगा रही हैं।