अमर उजाला ब्यूरो
अमरोहा।
भाई- बहन के पवित्र प्रेम के प्रतीक त्योहार रक्षाबंधन पर बस और ट्रेनों में जबरदस्त भीड़ देखी गई। बस और ट्रेनों में भीड़ का आलम यह था, क्या अंदर, क्या छत, बस पर सवारियां ही नजर आ रही थी। रोडवेज बसों में पैर रखने तक की जगह नहीं थी। धक्का- मुक्की का माहौल रहा। डिपो में बस पहुंचते ही उसमें चढ़ने को लेकर आपा धापी मची रही। बसों को लेकर बहनें इधर-उधर भटकती रही। त्योहार पर उमड़ी भीड़ के चलते रोडवेज की व्यवस्था बौनी साबित हुई। बहनों को बसों की भारी किल्लत का सामना करना पड़ा। बहनें हर बाधा पर कर भाई के घर पहुंची।
परिवहन निगम ने रक्षाबंधन पर बहनों को बसों की बेहतर सेवा मुहैया कराने का दावा किया था। लेकिन त्योहार पर उमड़ी भीड़ के आगे रोडवेज की बस सेवा बौनी साबित हुए है। सुबह से ही बहनें बसों के अभाव में इधर-उधर भटकती देखी गई। डिपो में बसों के इंतजार में काफी देर बैठना पड़ा। हालांकि त्योहार पर उमड़ी भीड़ के आगे रोडवेज की व्यवस्था नाकाफी साबित हुई है। क्योंकि भीड़ के आगे बसों की संख्या कम पड़ गई। जिसके चलते बहनों को बसों की भारी किल्लत का सामना करना पड़ा। पूरे दिन बसों को लेकर मारामारी रही। अमरोहा डिपो से लेकर जोया तिराहे पर भीड़ देखी गई।
त्योहार पर बसों में उमड़ी भीड़ का आलम यह था, क्या अंदर, क्या खिड़की, सभी जगह सवारियां ही सवारियां नजर आई। डिपो पर बस पहुंचते ही उसमें चढ़ने के लिए आपाधापी का माहौल रहा। धक्का मुक्की होती रही। बहनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बहनें हर बाधा पर कर भाइयों के घर पहुंची। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक एनके गंगवार का कहना है कि रक्षाबंधन पर बहनों को बसों की बेहतर सेवा मुहैया कराई गई है। दिल्ली से लेकर लोकल मार्गों पर बसों के चक्कर बढ़ाए गए हैं। त्योहार के चलते डिपो की सभी बसें ऑन रोड कर दी गई हैं। दस अगस्त तक अतिरिक्त बस सेवा जारी रहेगी।
त्योहार पर डग्गामार वाहनों की चांदी
अमरोहा। रक्षाबंधन पर जहां रोडवेज बसों को लेकर मारामारी रही। वहीं डग्गामार वाहनों की चांदी रही। मुसाफिरों को रोडवेज बसों के अभाव में डग्गामार वाहनों में सफर करना पड़ा। डग्गामार वाहनों ने मौके का फायदा उठाकर मुंह मांगा किराया वसूला।
दिल्ली और लोकल मार्गों पर बसों के चक्कर बढ़ाए
अमरोहा। परिवहन निगम ने रक्षाबंधन पर बहनों को बसों की बेहतर सेवा मुहैया कराने के लिए दिल्ली, हरिद्वार, मुरादाबाद आदि मार्गों के लिए अतिरिक्त बस सेवा चलाई गई। वहीं लोकल मार्गों पर बसों के चक्कर बढ़ाए गए। बावजूद इसके मुसाफिरों को बसों की किल्लत का सामना करना पड़ा।
रेलवे स्टेशन भी जबरदस्त भीड़ रही
अमरोहा। रक्षाबंधन के चलते ट्रेनें भी फूल रही। अप एंड डाउन ट्रेनों में भीड़ रही। ट्रेनों में चढ़ने के लिए यात्रियों में आपाधापी मची रही। धक्का मुक्की का माहौल रहा। भीड़ के चलते महिलाएं और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा है। अमरोहा स्टेशन पर जबरदस्त भीड़ देखी गई।