गांगन नहर में पानी नहीं आने से फसलें मुरझाईं
नहटौर (बिजनौर)। गांगन नहर में पानी नहीं आने से दर्जनों गांवों के किसानों की फसलें मुरझा गई हैं। समस्या के समाधान की कोई सुध लेने को तैयार नहीं है।
गांगन नदी के पुल से गांगन नहर का संचालन किया जाता है। गांगन नदी में बड़ी नहर से पानी छोड़कर नहर को चलाया जाता है। इस बार नदी भी सूखी पड़ी हुई है। विभागीय अधिकारियों ने नदी में पानी लाने की कोई व्यवस्था नहीं की है। इस नहर से गांव कश्मीरी, गारवपुर, मलकपुर, टपरौला, कलाली, नसीरपुर, भटियाना, मटौरा, बसेड़ा, नंगला, नवादा, पालनी आदि के किसानों का कहना है कि गर्मी के मौसम में इस बार नहर में एक बार भी पानी नहीं आने से सिंचाई नहीं हो पाई है। फसल सूखकर बर्बाद होने की कगार पर है। अधिकांश गन्ने की फसल सूखकर गई हैं। किसान रोजाना नहर में पानी आने का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन सिंचाई विभाग का कोई भी अधिकारी नहर में पानी आने के लिए गंभीर होता नजर नहीं आ रहा है।