जिले में 19 और कोरोना संक्रमित मिले
बिजनौर। जिले में एक साथ 19 कोरोना पॉजिटिव केस मिलने से स्वास्थ्य अफसरों में हड़कंप मच गया। अब तक जिले में एक साथ इतने केस पहली बार आए हैं। इनमें से चार बुधवार देर रात और 15 बृहस्पतिवार को आए। नए 19 केस मिलाकर जिले में अब तक कुल 189 कोरोना पॉजिटिव केस हो गए हैं। इनमें से चार की मौत हो चुकी है, जबकि 93 अब तक ठीक हो चुके हैं। वर्तमान में एक्टिव केस की संख्या 92 हो गई है। नए मरीजों में से पांच को कोविड हॉस्पिटल मुरादाबाद और बाकी को कोविड केयर सेंटर स्वाहेड़ी में भर्ती कराया गया है। इनमें से नौ मरीज पूर्व में संक्रमित निकले मरीजों के संपर्क में आने से पॉजिटिव हुए और दस मरीज मुंबई, गुजरात आदि स्थानों से आए प्रवासी मजदूर हैं।
सीएमओ डा. विजय कुमार यादव के अनुसार 370 सैंपल की जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई, इनमें 19 पॉजिटिव और 361 नेगेटिव आए। सीएमओ ने बताया कि नए मरीजों में धामपुर तहसील क्षेत्र के गांव सरकड़ा चकराजमल की हो क्वारंटीन की गई तीन महिलाएं और एनआईआईटी इंजीनियरिंग कॉलेज नजीबाबाद में क्वांरटीन किरतपुर के प्रवासी मजदूर की जांच रिपोर्ट बुधवार देर रात प्राप्त हुई थी, जबकि 15 जांच रिपोर्ट बृहस्पतिवार को आई। नए मरीजों में सबसे अधिक उम्र की नगीना के मोहल्ला मानकचंद की करीब 90 साल की वृद्घा और इसी मोहल्ले का सबसे कम उम्र का 15 वर्ष का किशोर शामिल है। इन मरीजों में नगीना के मोहल्ला के आठ और एक मरीज मोहल्ला मीर की सराय का शामिल है। ग्राम कासमपुरगढ़ी के तीन, रायपुर सादात, भटपुरा, पुरैनी का एक-एक मरीज भी सम्मिलित है। इनमें से पांच मरीजों को उपचार के लिए मुरादाबाद कोविड हॉस्पिटल और शेष सभी को कोविड केयर सेंटर स्वाहेड़ी भेजा गया है।