स्वावलंबी बनकर अपनी अलग पहचान बनाएं
नूरपुर। गांव हंसुपुरा में नारी सुरक्षा एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान वक्ताओं ने महिलाओं को सुरक्षा संबंधी टिप्स देकर उनसे स्वावलंबी बनकर समाज में अलग पहचान बनाने को कहा।
सोमवार को गांव हंसुपुरा में चल रहे प्रधानमंत्री कौशल विकास केंद्र पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रभारी निरीक्षक सुमन कुमार सिंह ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है। सरकार द्वारा महिलाओं के लिए वूमेन हेल्पलाइन 1090 चलाई जा रही है। इस हेल्पलाइन पर महिलाएं फोन कर कानूनी सहायता ले सकती हैं। उन्होंने कहा कि आज के दौर में साइबर क्राइम काफी बढ़ गया है। गांव कस्बों तक सोशल मीडिया का जादू छाया हुआ है। उन्होंने महिलाओं से सोशल मीडिया पर अपनी निजी जानकारी को किसी अनजान व्यक्ति से साझा न करने की नसीहत दी। कहा कि पुलिस महिलाओं के सम्मान के लिए महिलाओं के साथ होने वाले अपराधों में त्वरित कार्रवाई कर रही है। उन्होंने किसी भी घटना के समय बेझिझक पुलिस सहायता लेने के लिए कहा। मुख्य वक्ता भाजपा नेता सीपी सिंह ने कहा कि आज महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पीछे नही हैं। सेना से लेकर अंतरिक्ष तक महिलाओं ने सफलता के झंडे गाड़ रखे हैं। उन्होंने महिलाओं से पढ़ लिखने के बाद स्वयं का व्यापार कर स्वावलंबी बनने के लिए कहा। मार्शल आर्ट ट्रेनर जीवन सिंह ने महिलाओं को विपरीत परिस्थितियों में आत्मरक्षा के गुर बताते हुए कहा कि विषम परिस्थितियों में फंसने के बाद कभी भी अपना आत्मविश्वास न खोयें। अपने पास मौजूद हेयर पिन, पेन आदि को हथियार के रूप में प्रयोग करते हुए आसपास से मदद लेने का प्रयास करें। पूर्व ग्राम प्रधान रामअवतार सिंह के संचालन में आयोजित कार्यक्रम को नरेश भाटी, योगेश शर्मा, सुमित चौहान नरेश कुमार, अंजली वर्मा आदि ने संबोधित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भागीदारी कीं।