चोरी का खुलासा न होने पर आंदोलन की चेतावनी
चांदपुर। भाजपा नेता के होटल में चोरी के मामले में व्यापारियों ने पुलिस को 24 घंटे में खुलासा करने का अल्टीमेटम दिया है। व्यापारियों ने चोरी की घटना का शीघ्र खुलासा न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। व्यापारियों के बीच पहुंचे सीओ और कोतवाल ने तत्काल कार्रवाई का आश्वासन दिया।
भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राधेश्याम कर्णवाल के पुत्र व भाजपा जिला उपाध्यक्ष विवेक कर्णवाल के भाई विशाल कर्णवाल का सातो इमली बजरिया में पंचवटी के नाम से रेंस्टोरेंट और होटल है। बृहस्पतिवार को कैलाश बनर्जी नाम के एक व्यक्ति ने होटल पर आकर कुछ अधिकारियों के आने की बात करते हुए उनके रुकने के लिए 10 कमरे बुक कराए थे। अपनी आईडी जमा की थी। कुछ रुपये भी पेशगी के रूप में जमा किए थे। स्वयं एक कमरे में रुक गया था। रात में किसी कमरों के ताले खोलकर उसमें लगी एलईडी उतारकर पीछे के रास्ते से वह फरार हो गया। शुक्रवार शाम अशोक कुमार, राकेश गुप्ता के नेतृत्व में व्यापारियों ने होटल पर बैठक कर घटना पर रोष व्यक्त किया। शनिवार को पंचवटी होटल पर व्यापारी एकत्र हुए और वार्ता के लिए सीओ को आमंत्रित किया। सीओ राकेश श्रीवास्तव, कोतवाली निरीक्षक वीरेंद्र सिंह के होटल पहुंचने पर व्यापारियों का गुस्सा फूट पड़ा और अधिकारियों को जमकर खरीखोटी सुनाई। व्यापारियों ने सीओ को एक ज्ञापन देकर 24 घंटे में चोरी की घटना का खुलासा न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। इस दौरान नगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष राकेश कुमार गुप्ता, संयुक्त व्यापारी मंडल के अध्यक्ष सुधीर अग्रवाल, गुड़ खांडसारी व्यापार एसोसिएशन के चौधरी शैलेंद्र सिंह, बाजार बजरिया व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुनील शर्मा, ब्रिजेश कौशिक, मनोज शर्मा, राजेंद्र त्यागी, वीरेंद्र राजपूत, चौधरी कपिल कुमार, अमित अग्रवाल, अश्वनी जिंदल, अर्पित गोयल, कृष्ण कुमार, विपुल तायल, सुबोध गुप्ता, अमित गोयल, अजय मित्तल, संजय चौधरी आदि मौजूद रहे।