जेल में जानलेवा हमले के आरोपी की मौत
बिजनौर। जेल में एक बंदी की मौत हो गई। परिजन पिटाई से बंदी की मौत होने का आरोप लगा रहे हैं। जेल प्रशासन हार्ट अटैक से बंदी की मौत होने की बात कह रहा है।
स्योहारा थाने के गांव लक्खीपुरा निवासी अशोक जानलेवा हमले के मामले में चार साल से जेल में बंद था। मंगलवार रात जेल में तबीयत बिगड़ने पर अशोक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां उसकी मौत हो गई। अशोक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। अशोक के परिजनों का आरोप है कि जेल प्रशासन ने अशोक की पिटाई की थी। पिटाई की वजह से अशोक की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि वे अशोक का इलाज बाहर कराने के लिए चार बार प्रार्थना पत्र दे चुके थे। अशोक की मौत की खबर भी दो घंटे बाद दी गई। जेल प्रशासन इन आरोपों को गलत बता रहा है। जेल अधीक्षक आरके मिश्रा के मुताबिक अशोक के पेट में दर्द के साथ शरीर में जकड़न पैदा हो गई थी। ब्लड प्रेशर भी कम हो गया था। उसकी मौत स्वाभाविक है।